रेवाड़ी में सीनियर सिटीजंस और महिलाओं के हक के उठी जोरदार मांग, सरकार से कार्रवाई का अनुरोध

सीनियर सिटीजंस एवं महिलाओं के हक-हितों को लेकर उठी जोरदार मांगें,सरकार से कार्रवाई का पुरजोर अनुरोध
बैठक में मांगों के समर्थन में महिलाओं-पुरुषों ने पारित किया सर्वसम्मत प्रस्ताव
जनसेवा की आवाज बनकर सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान हजारों समस्या पीड़ित लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहे हैं : के.के. बंसीवाल
'लोकशाही में जन भावनाओं के अनुसार काम किये जाने चाहिए'
रेवाड़ी/30 अगस्त 2026 /अटल हिन्द ब्यूरो
रेवाड़ी में राष्ट्रीय सामाजिक संगठन लोक सेवा मंच के मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान के तहत एक विशेष संवाद बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक स्थानीय महाराणा प्रताप चौक स्थित नेहरू पार्क में आयोजित की गई। इस बैठक में सीनियर सिटीजंस और महिलाओं के हक-हितों को लेकर सरकार से तुरंत कार्रवाई करने की पुरजोर मांग उठाई गई। इस सिलसिले में मंच के इस अभियान को लेकर स्थानीय लोगों ने अपना जोरदार समर्थन व्यक्त किया।
बैठक में आमंत्रित राष्ट्रीय प्रगतिशील विचारक एवं सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान लोक सेवा मंच के मुख्य वक्ता बनकर पहुंचे। इस बैठक की अध्यक्षता सीनियर सिटीजन एवं पार्क सुधार समिति के वरिष्ठ सदस्य के.के. बंसीवाल ने की। इस अवसर पर नगर परिषद की पूर्व प्रधान श्रीमती सरोज भारद्वाज बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहीं।
अपने संबोधन में सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान लोक सेवा मंच ने कहा कि मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान को लगभग 8 माह पूरे होने जा रहे हैं। इसके अंतर्गत ज्वलंत जनसमस्याओं के समाधान की आवाज जनहित में लगातार बुलंद की जा रही है। उन्होंने कहा कि सीनियर सिटीजंस के सामाजिक हालात बहुत कठिनाई में बीत रहे हैं।

उन्होंने जनहित में सरकार से देश-प्रदेश में सीनियर सिटीजंस के लिए हेल्पलाइन शुरू करने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने संपूर्ण मेडिकल सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराने और कार्यालयों एवं न्यायालयों में सीनियर सिटीजन प्रोटोकॉल तुरंत लागू करने की मांग उठाई। उन्होंने ट्रेन, बस और एरोप्लेन के किरायों में 70% तक छूट देने तथा आवागमन में टोल टैक्स से मुक्त करने का भी अनुरोध किया। इसके अलावा सीनियर सिटीजंस डेडिकेटेड रेजिडेंशियल सेक्टर्स और फ्री ओल्ड एज होम बनाने का भी पुरजोर अनुरोध किया गया।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2011 के जनगणना आंकड़ों के अनुसार देश एवं समाज की लगभग आधी आबादी महिलाओं की है। इसलिए हर क्षेत्र में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षित हिस्सेदारी तत्काल दिया जाना न्याय संगत है। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकारों से 33% की बजाय महिलाओं को 50% आरक्षण तत्काल तुरंत देने की बात कही।
इसके अतिरिक्त बेरोजगार महिलाओं को 5% ब्याज दर पर 20 करोड़ रुपए तक का लॉन्ग टर्म लोन देने की मांग की गई। साथ ही ट्रेन, बस और एरोप्लेन के किराए में 50% छूट, निःशुल्क मेडिकल सुविधा तथा डिलीवरी के समय फ्री एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांगें भी बुलंद की गईं। बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं और पुरुषों ने उपरोक्त सभी मांगों के समर्थन में सर्वसम्मत प्रस्ताव पारित किया। इसके माध्यम से सभी ने सरकार से सकारात्मक कदम उठाने का आग्रह किया।

इस अवसर पर कोर कमेटी के कई सदस्यों ने अपने विचार और सुझाव रखे। इनमें महेश कौशिक, बीके राम सिंह, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, दयाराम आर्य, नंदलाल यादव, विजय सिंह यादव, श्रीमती सरोज भारद्वाज, शकुंतला देवी, रामचंद्र अग्घी, श्याम सहगल, के.के. जांगड़ा, ब्रह्मानंद सोनी, सुरेश वर्मा, मीनू बत्रा और मधुसूदन शर्मा आदि शामिल रहे।
अध्यक्षीय संबोधन में के.के. बंसीवाल ने लोक सेवा मंच के मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान को जनहितकारी मुहिम बताया। उन्होंने कहा कि जनसेवा की बुलंद आवाज बनकर सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान हजारों समस्या पीड़ित व न्याय पसंद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहे हैं। उन्होंने अभियान की सफलता के लिए पूर्ण सहयोग का विश्वास दिलाया। उन्होंने अंत में कहा कि मंच की ओर से जनहित में उठाए जा रहे सामाजिक मुद्दों को लोगों का भारी समर्थन मिल रहा है।