नूंह के सरकारी स्कूलों में तैयार हो रही रिंग टेनिस खिलाड़ियों की नई खेप, राष्ट्रीय स्तर पर दिखाएंगें प्रतिभा

नूंह के सरकारी स्कूलों में तैयार हो रही रिंग टेनिस खिलाड़ियों की नई खेप, राष्ट्रीय स्तर पर दिखाएंगें प्रतिभा

नूंह, 18 अगस्त: नूंह जिले के सरकारी स्कूलों में अब रिंग टेनिस खेल की नई पौध तैयार की जा रही है। पीएम श्री स्कूलों ने इस खेल को बढ़ावा देने में विशेष रुचि दिखाई है। जिले के युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करने के लक्ष्य के साथ अभ्यास कर रहे हैं। इसके लिए पीएम श्री स्कूलों में बालक और बालिकाओं की टीमें तैयार की जा रही हैं।

हरियाणा रिंग टेनिस एसोसिएशन के प्रयास

हरियाणा रिंग टेनिस एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष नरेश सेलपाड़ और नूंह रिंग टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष नाजिम आजाद ने बताया कि अगस्त के अंतिम सप्ताह में उत्तर प्रदेश के बलिया में होने वाली तीसरी जूनियर नेशनल रिंग टेनिस चैंपियनशिप के लिए नूंह में विशेष ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। जिले के अधिक से अधिक खिलाड़ियों को हरियाणा की टीम में स्थान दिलाने के लिए एसोसिएशन की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नाजिम आजाद ने बताया कि रिंग टेनिस को बढ़ावा देने के लिए पीएम श्री स्कूलों के खेलों में इसे शामिल किया गया है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

इन स्कूलों में मिल रहा है बढ़ावा

पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांडीखेड़ा, इंडरी, मालव, पचगांव, पुन्हाना तथा पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बिसरू के साथ आसपास के सरकारी और निजी स्कूलों में भी इस खेल को प्रोत्साहित किया जा रहा है। अंडर-19 वर्ग की तीसरी जूनियर राष्ट्रीय रिंग टेनिस चैंपियनशिप 9 से 11 सितंबर 2026 तक सनबीम स्कूल, अगरसांडा, बलिया (उत्तर प्रदेश) में आयोजित होगी। हरियाणा की टीम 8 सितंबर की शाम तक बलिया पहुंचेगी। प्रदेश के दल में 16 खिलाड़ी, एक कोच और एक मैनेजर शामिल होंगे।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता और नियम

राष्ट्रीय प्रतियोगिता के अंडर-19 वर्ग में 1 अप्रैल 2008 या उसके बाद जन्मे खिलाड़ी ही हिस्सा ले सकेंगे। ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों को मूल आधार कार्ड, आधार कार्ड की फोटो कॉपी, विद्यालय या कॉलेज का बोनाफाइड प्रमाण पत्र अथवा अन्य मान्य आयु प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। बलिया में होने वाली प्रतियोगिता में 14 राज्यों एवं राज्य इकाइयों के 224 खिलाड़ी भाग लेंगे। इन राज्यों में तमिलनाडु, तेलंगाना, केरल, राजस्थान, ओडिशा, गुजरात, बिहार, हरियाणा, पुडुचेरी, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, चंडीगढ़ और असम शामिल हैं। प्रतियोगिता में बालक एकल, बालिका एकल, बालक युगल, बालिका युगल और मिश्रित युगल सहित विभिन्न स्पर्धाएं होंगी। नूंह के खिलाड़ियों के लिए यह राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा अवसर होगा।

Share:

Comments

Leave a comment