रोहतक के निजी होटल में शादीशुदा प्रेमिका की हत्या, युवक ने की आत्महत्या की कोशिश

रोहतक शहर के एक निजी होटल के कमरे में बुधवार को एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई भेज दिया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल की बारीकी से जांच कराई। पुलिस के अनुसार युवती सुबह नीरज नाम के एक युवक के साथ होटल पहुंची थी। यहाँ दोनों ने फर्जी आईडी पर कमरा लिया था।
युवक हुआ फरार और पीजीआई में भर्ती
बताया जा रहा है कि दोपहर के समय युवक कुछ देर में वापस आने की बात कहकर होटल से चला गया, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। काफी देर तक कमरे से कोई गतिविधि नहीं होने पर होटल कर्मचारियों को अनहोनी की आशंका हुई। कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की मौजूदगी में कमरे की जांच की गई तो वहाँ युवती मृत मिली।
गला घोंटकर हत्या की आशंका
युवती की गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि युवक ने भी आत्महत्या का प्रयास किया है। वह पीजीआई में भर्ती है। घटना के बाद पुलिस ने होटल के रजिस्टर और अन्य रिकॉर्ड को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस कर रही है मामले की हर पहलू से जांच
होटल में युवती के साथ आने वाले युवक की पहचान और उसके आने-जाने से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। मृतका का नाम रूबी और युवक का नाम नीरज है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। युवती की मौत हत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।