रोहतक में मुस्कान आत्महत्या केस: सर्वखाप महापंचायत ने शीलू पहलवान और परिजनों को किया माफ, बच्चे के लिए हुआ बड़ा फैसला

अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी शीलू पहलवान की पत्नी मुस्कान की आत्महत्या के मामले में गांव फरमाणा में मंगलवार को सर्वखाप पंचायत का आयोजन किया गया। इस महापंचायत में महम चौबीसी और अठगामा से जुड़े करीब 50 पंचायती प्रतिनिधियों की मौजूदगी रही। पांच घंटे चली महापंचायत में दोनों पक्षों की दलीलें विस्तार से सुनी गईं और इस दौरान वाद-विवाद तथा आरोप-प्रत्यारोप भी देखने को मिले।
शीलू पहलवान और परिजनों को किया गया माफ
करीब पांच घंटे तक चली इस पंचायत में अंततः दोनों पक्षों के बीच विवाद को खत्म कर आपसी भाईचारा कायम रखने का फैसला सुनाया गया, जिसे दोनों पक्षों ने स्वीकार कर लिया। पंचायत प्रतिनिधियों के समक्ष चारों आरोपियों ने अपनी बात रखी और माफी मांगी, जिसके बाद खाप प्रतिनिधियों ने शीलू पहलवान, उनके पिता सुरेंदर बल्हारा, माता और भाई मनीष को माफ करने का निर्णय लिया। पंचायत में शीलू पहलवान, उनके भाई मनीष और पिता सुरेंदर बल्हारा भी मौजूद रहे।
आठ माह के बेटे के लिए 50 लाख की एफडी और जमीन का फैसला
पंचायत ने मुस्कान और शीलू पहलवान के करीब आठ माह के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए एक बड़ा फैसला लिया। बच्चे के नाम 50 लाख रुपये की एफडी कराई जाएगी और शीलू पहलवान के हिस्से की जमीन भी उसके नाम की जाएगी। पंचायत ने इसके लिए जरूरी कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया एक सप्ताह के भीतर पूरी करने की बात कही है और इस बात पर जोर दिया कि विवाद का असर मासूम बच्चे के भविष्य पर न पड़े।
शीलू की दूसरी शादी का प्रस्ताव और पुलिस शिकायत वापसी
महापंचायत के दौरान शीलू पहलवान की दोबारा शादी का प्रस्ताव भी रखा गया ताकि परिवार को दोबारा व्यवस्थित किया जा सके। मुस्कान पक्ष की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत को वापस लेने की बात भी पंचायत में सामने आई। इस पंचायत में फरमाना पंचायत प्रधान सतीश प्रधान, अठगामा प्रधान धर्मबीर, बहु अकबरपुर के सरपंच प्रतिनिधि सत्यवान, गठवाला खाप से राय बहादुर तथा खाप प्रतिनिधि सत्यप्रकाश विसला समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।