रोहतक में मंदिर से चोरी: पांच छोटे बच्चों ने मंदिर का शीशा तोड़कर चुराए चांदी के आभूषण और नकदी, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

रोहतक में आर्य नगर थाना के अंतर्गत सर्कुलर रोड स्थित चंडी माता मंदिर से नकदी व चांदी के आभूषण चोरी करने का मामला सामने आया है। यह पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। इस वारदात को पांच छोटे बच्चों ने मिलकर अंजाम दिया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर अपनी जांच शुरू कर दी है।
चंडी माता मंदिर में हुई चोरी की घटना
सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटना स्थल का अच्छे से निरीक्षण किया। पुलिस ने मंदिर के पुजारी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मंदिर में चोरी करने वाले बच्चों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस के अनुसार सर्कुलर रोड स्थित चंडी माता मंदिर के पुजारी ने बताया कि वह शाम को मंदिर बंद करके अपने घर चले गए थे। पीछे से पांच छोटे बच्चे मंदिर के अंदर घुसे और पत्थर से शीशा तोड़कर मूर्तियों से चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करके ले गए।
बुधवार सुबह पता चला चोरी का मामला
इस घटना का पता तब चला जब बुधवार सुबह पुजारी मंदिर में पहुंचे। पुजारी ने देखा कि मंदिर के शीशे टूटे हुए पड़े हैं और मूर्तियों से चांदी का मुकुट व अन्य आभूषण सहित नकदी भी गायब है। घटना के बाद काफी संख्या में आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। इसी बीच सूचना मिलने पर आर्य नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इस बारे में पूरी जानकारी ली। पुलिस ने मंदिर परिसर में लगी सीसीटीवी फुटेज को देखा तो उसमें बच्चे चोरी करते हुए साफ दिखाई दिए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और अपनी जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।