कांग्रेस से डरी सैनी सरकार ने गुरुग्राम में आधी रात को नेताओं को किया नजरबंद, सुखबीर तंवर ने बोला हमला

कांग्रेस से डरी सैनी सरकार ने गुरुग्राम में आधी रात को नेताओं को किया नजरबंद, सुखबीर तंवर ने बोला हमला

कांग्रेस से डरी सैनी सरकार ने आधी रात को नेताओं को किया नजरबंद

विपक्ष सरकार का दुश्मन नहीं, बल्कि लोकतंत्र का आवश्यक स्तंभ

आधी रात को ही कांग्रेस नेताओं के घरों के बाहर पुलिस का पहरा बैठा दिया

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

सीएम के गुरुग्राम आते ही कांग्रेस नेताओं की नजरबंदी ने खोली सरकारी डर की पोल

गुरुग्राम में लोकतंत्र कैद, मुख्यमंत्री की बतौर गृहमंत्री कार्यशैली पर गंभीर सवाल

फतह  सिंह उजाला/गुरुग्राम  /14 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

हरियाणा के मुख्यमंत्री के गुरुग्राम आगमन से ठीक पहले जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों को आधी रात से उनके घरों में नजरबंद कर दिया गया है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रवक्ता सुखबीर जे तंवर ने इस पूरी कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इस कृत्य को लोकतंत्र का गला घोंटने वाली कार्रवाई बताया है। सुखबीर तंवर ने कहा कि यह सरकार की राजनीतिक बौखलाहट का प्रत्यक्ष प्रमाण है।

सुखबीर जे तंवर ने बयान देते हुए कहा कि सरकार इतनी अधिक भयभीत हो चुकी है कि आधी रात को ही कांग्रेस नेताओं के घरों के बाहर पुलिस का पहरा बैठा दिया गया है। यह सरकार की ताकत नहीं है। यह कदम सरकार के डर और उसकी राजनीतिक असुरक्षा की साफ निशानी है। मुख्यमंत्री के गुरुग्राम आने से पहले कांग्रेस नेताओं को नजरबंद करने की यह घटना यह साबित करती है कि सरकार कांग्रेस के तीखे सवालों, जनता की गंभीर समस्याओं और विपक्ष की आवाज का सामना करने से पूरी तरह बच रही है। सरकार को नेताओं को कैद करने के बजाय जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री के पास स्वयं प्रदेश के गृहमंत्री का पद भी है। ऐसे में उनके गुरुग्राम आने से पहले किसी भी शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक गतिविधि की आशंका मात्र से विपक्षी नेताओं को नजरबंद किया जाना बहुत गंभीर सवाल खड़े करता है। शांतिपूर्ण विरोध करना कानून-व्यवस्था के लिए कभी खतरा नहीं होता है। यह देश के संविधान द्वारा दिया गया लोकतांत्रिक अधिकार है। सरकार चाहे तो कांग्रेस नेताओं को उनके घरों में बंद कर सकती है, लेकिन आम जनता की आवाज को कभी भी नजरबंद नहीं किया जा सकता है। विपक्ष सरकार का कोई दुश्मन नहीं है। विपक्ष लोकतंत्र का एक बहुत ही आवश्यक स्तंभ होता है।

सुखबीर तंवर ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन के चलते उन्हें रात से ही उनके तंवर फार्म हाउस और गढ़ी नत्थे खां स्थित आवास पर नजरबंद कर दिया गया था। इसके अलावा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष फरुखनगर सुनील यादव, नगर निगम मानेसर के पूर्ण प्रत्याशी नीरज यादव, अनुसूचित जाति विभाग के कार्यकारी अध्यक्ष अनिल धानक और राजीव यादव सहित अन्य कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को उनके घरों में ही निरुद्ध किया गया। यह सीधे तौर पर लोकतांत्रिक अधिकारों पर बड़ा अतिक्रमण है। मुख्यमंत्री को गुरुग्राम की आम जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जाने का साहस दिखाना चाहिए। उन्हें जनता के सवाल सुनने चाहिए और उनकी सभी समस्याओं का सही जवाब देना चाहिए।

सुखबीर जे तंवर ने अंत में कहा कि बतौर गृहमंत्री मुख्यमंत्री की यह कार्यशैली साफ तौर पर राजनीतिक असहिष्णुता को दर्शाती है। यह रवैया लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सरकार के कमजोर दृष्टिकोण को उजागर करता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से यह प्रमुख मांग की है कि भविष्य में कांग्रेस नेताओं की इस तरह की नजरबंदी की प्रक्रिया को तत्काल बंद किया जाना चाहिए। सरकार को विपक्ष के सभी शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करना हमेशा सुनिश्चित करना चाहिए।

Share:

Comments

Leave a comment