वर्तमान दौर की सबसे बड़ी महामारी – संस्कारहीन रिश्ते और टूटते परिवारों का सच

वर्तमान दौर की सबसे बड़ी महामारी – संस्कारहीन रिश्ते और टूटते परिवारों का सच

वर्तमान समय की सबसे भयावह महामारी अस्पतालों में नहीं, बल्कि घरों के भीतर पल रही है। इसका न कोई परीक्षण है, न तापमान और न ही कोई चिकित्सकीय रिपोर्ट। यह चुपचाप रिश्तों में उतरती है और उनकी धड़कनें धीमी कर देती है। इसका नाम संस्कारहीन रिश्ते है। समाचारों की सुर्खियाँ हत्या, तलाक, पारिवारिक कलह और टूटते घर दिखाती हैं। लेकिन उन घटनाओं के पीछे पसरा वह सन्नाटा नहीं दिखातीं, जहाँ कभी अपनापन साँस लेता था। असली त्रासदी तब होती है, जब अपने ही लोग एक-दूसरे के लिए अजनबी बन जाते हैं। संस्कार रिश्तों की रखवाली छोड़ दें तो मकान तो खड़े रहते हैं। कमरे भी भरे रहते हैं, बस घर भीतर से वीरान हो जाता है।

रिश्तों में फायदे का गणित और संस्कारों का सूखता पानी

कभी रिश्ते मिट्टी जैसे थे जो नरम, लचीले और एक-दूसरे में घुले हुए थे। संस्कार वह पानी थे, जो बिखरे कणों को जोड़कर परिवार गढ़ते थे। आज वही मिट्टी सूख रही है। अहकार की एक चुभन, स्वार्थ की एक परत और सुविधा की एक आँधी रिश्तों में दरार डाल देती है। हमने संबंधों को भावनाओं से नहीं, फायदे से तौलना शुरू कर दिया है। सुविधा रही तो रिश्ता रहा और सुविधा गई तो अपनापन भी गया। अदालतों के पारिवारिक विवाद और रोज की सुर्खियाँ इसी बिखराव के कण हैं। सवाल यह नहीं कि रिश्ते क्यों टूट रहे हैं, बल्कि सवाल यह है कि उन्हें बाँधने वाला संस्कारों का पानी हमारी हथेलियों से कब रिस गया।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

एक छत के नीचे अकेलापन और स्क्रीन में सिमटता संवाद

आज परिवार एक छत के नीचे रहता है, पर एक-दूसरे के भीतर नहीं उतरता। खाने की मेज पर थालियाँ साथ होती हैं और मोबाइल भी, बस संवाद नहीं होता। बच्चे सवाल लेकर बड़ों तक पहुँचने के बजाय स्क्रीन पर उत्तर खोजते हैं। बुजुर्ग घर में रहकर भी बातचीत से बाहर हो जाते हैं। संस्कार अब व्यवहार में कम, किताबों, भाषणों और त्योहारों की तस्वीरों में अधिक दिखाई देते हैं। फिर किसी दिन खबर आती है कि किसी वृद्ध की मृत्यु का पता कई दिनों बाद चला। सुर्खी कुछ पल ठहरती है, मगर उसके पीछे वर्षों का अकेलापन छूट जाता है। यदि संस्कार जीवित होते तो बुजुर्ग कभी खबर नहीं बनते, बल्कि घर की सबसे सुरक्षित छाँव बने रहते हैं।

प्रेम का बदलता स्वरूप और संवादहीनता का संकट

प्रेम अब अपनापन कम और अपेक्षाओं का हिसाब अधिक बनता जा रहा है। इच्छा पूरी हुई तो मुस्कान और टूटी तो शिकायत होती है। अपेक्षा टूटी तो रिश्ता भी डगमगा जाता है। कभी एक माफी वर्षों का साथ बचा लेती थी, आज एक संदेश या अनफॉलो सब मिटा देता है। मतभेद कोई समस्या नहीं, बल्कि संवाद का इम्तिहान होते हैं। दुख यह है कि हमने मतभेद के बाद बात करना छोड़ दिया है। गलती मानना कमजोरी नहीं, बल्कि रिश्ते की ताकत है। माफी माँगना हार नहीं, बल्कि प्रेम का साहस है। इसीलिए पहला तूफान आते ही रिश्ते की छत उड़ जाती है।

बदलती जीवनशैली और वृद्धाश्रम की बढ़ती राह

शहरों की चमक हमें उस आँगन से दूर ले गई जहाँ कभी परिवार साथ बैठता था। दादा-दादी की कहानियाँ किस्से नहीं, बल्कि धैर्य, क्षमा, त्याग और सम्मान की पाठशाला थीं। आज आँगन की जगह बालकनी, कहानियों की जगह रील्स और साथ की जगह अलग-अलग स्क्रीन हैं। बच्चे तेज भागना सीख रहे हैं, ठहरकर सुनना नहीं सीख रहे। माता-पिता सुविधाएँ जुटाने की दौड़ में बच्चों की आँखों की थकान पढ़ना भूल रहे हैं। फिर वही बच्चे बड़े होकर माता-पिता को वृद्धाश्रम छोड़ देते हैं। वृद्धाश्रम की राह उस दिन नहीं बनती, उसकी पहली ईंट बहुत पहले घर के भीतर रखी जा चुकी होती है।

इस अदृश्य महामारी का इलाज और रिश्तों की असली वैक्सीन

इस महामारी का सबसे खतरनाक लक्षण उसका दिखाई न देना है। न बुखार, न खाँसी और न ही कोई रिपोर्ट, फिर भी परिवार भीतर से बीमार हो जाता है। आवाजों से अपनापन घटता है और बातचीत औपचारिक होती जाती है। समाचार चैनल घटना दिखा सकते हैं, आँकड़े गिना सकते हैं, बहस कर सकते हैं। मगर उस संस्कारहीनता को नहीं पकड़ सकते जो टूटते रिश्तों की जड़ में पलती है। शायद इसलिए हम सुर्खियों से आगे देखना नहीं चाहते क्योंकि वहाँ किसी और की कहानी नहीं, हमारा अपना आईना खड़ा है। फिर भी इस बीमारी का इलाज संभव है क्योंकि संस्कार रोजमर्रा के छोटे-छोटे व्यवहार हैं।

सुर्खियों से आगे घर के भीतर झाँकने का समय

इलाज बाहर से नहीं, बल्कि भीतर से शुरू होगा। बिना कारण मुस्कुरा देना, किसी की बात बीच में न काटकर सुन लेना, गलती पर माफी माँग लेना। बुजुर्ग के हाथ छूकर आशीर्वाद लेना, बच्चे के सवाल को महत्व देना और क्रोध में कठोर शब्द रोक लेना ही असली वैक्सीन है। रिश्तों की सूखी मिट्टी को फिर से गीला करना होगा। शायद अब समय है कि हम सुर्खियों से बाहर निकलकर अपने ही घर को देखें। शुरुआत किसी बड़े अभियान से नहीं, बल्कि घर की छोटी-सी संवेदना से होगी। क्योंकि रिश्ते बड़े शब्दों से नहीं, बल्कि छोटे संस्कारों से बचते हैं।

Share:

Comments

Leave a comment