गांव खरल में सरस्वती लाइब्रेरी का छठा स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया

गांव खरल में सरस्वती लाइब्रेरी का छठा स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया

गांव खरल में सरस्वती लाइब्रेरी का छठा स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया

चौपाल से संघ लोक सेवा आयोग’ मिशन की हुई शुरुआत

नरेंद्र जेठी/नरवाना /06 सितंबर  2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

गांव खरल स्थित सरस्वती लाइब्रेरी का छठा स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त उपायुक्त प्रदीप कौशिक ने शिरकत की। लाइब्रेरी कमेटी के अध्यक्ष करमजीत नैन तथा गांव के गणमान्य लोगों ने स्मृति चिन्ह भेंट कर अतिरिक्त उपायुक्त का सम्मान किया। प्रदीप कौशिक ने विद्यार्थियों के साथ अपने जीवन के अनुभव साझा किए और काफी समय लाइब्रेरी में बिताया। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया।

चौपाल से संघ लोक सेवा आयोग मिशन की शुरुआत

कार्यक्रम के दौरान लाइब्रेरी के नए मिशन चौपाल से संघ लोक सेवा आयोग का शुभारंभ किया गया। इस मिशन के तहत गांव के बच्चों के लिए राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा, राज्य लोक सेवा परीक्षा और संघ लोक सेवा आयोग की ऑनलाइन कक्षाएं शुरू की गई हैं। हरियाणा और राजस्थान के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार शिक्षा का मिशन चला रहे बिट्टू नैन ने कहा कि अब गांव के बच्चों को हरियाणा लोक सेवा आयोग और संघ लोक सेवा आयोग की तैयारी के लिए दिल्ली और जयपुर जैसे बड़े शहरों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

खरल बना हरियाणा का पहला गांव

खरल गांव हरियाणा का ऐसा पहला गांव बन गया है जहां चौपाल में बैठकर बच्चे संघ लोक सेवा आयोग की तैयारी करेंगे। उन्होंने कहा कि खरल से शुरू हुई इस मुहिम को आने वाले दिनों में नरवाना, हरियाणा और राजस्थान तक लाइब्रेरी के माध्यम से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। ऐसी व्यवस्था विकसित करने का लक्ष्य है जिससे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बाहर न जाना पड़े। इस अवसर पर जयपुर के प्रसिद्ध कोचिंग संस्थान नॉलेज प्वाइंट के निदेशक कोजाराम धोलिया ने ऑनलाइन माध्यम से विद्यार्थियों को संबोधित कर उनका मार्गदर्शन किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि संस्थान की ओर से बच्चों के कैरियर निर्माण में हर संभव सहयोग किया जाएगा।

अतिथियों का सम्मान और आभार व्यक्त

कार्यक्रम के अंत में लाइब्रेरी संचालक करमजीत नैन, युवा सरपंच कैलाश, पैक्स उजाला के अध्यक्ष मनीराम बिसल, शिक्षाविद करमजीत नैन, कुशाल नैन, कृष्ण, सनी, कुलदीप मलिक तथा मंच संचालन कर रहे संदीप बिसल ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। लाइब्रेरी में लगातार सहयोग करने वाले नैन इलेक्ट्रॉनिक इंडस्ट्री के निदेशक संदीप नैन, पीटीआई कर्नल, मुख्य अध्यापक सुरेश सहित अन्य सहयोगियों को भी अतिरिक्त उपायुक्त प्रदीप कौशिक के हाथों स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

Share:

Comments

Leave a comment