एसडीएम संदीप ने गांव सागवान का दौरा कर एसआईआर कार्य का किया निरीक्षण

एसडीएम संदीप ने गांव सागवान का दौरा कर एसआईआर कार्य का किया निरीक्षण

एसडीएम संदीप कुमार ने आज शुक्रवार को गांव सागवान का दौरा किया। उन्होंने मतदाता सूचि के विशेष गहन पुनरीक्षण अर्थात एसआईआर से संबंधित कार्यों का मौके पर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ द्वारा किए जा रहे सर्वेक्षण, मतदाताओं से संबंधित कार्य एवं नोटिस वितरण की प्रगति की पूरी जानकारी ली।

बीएलओ को दिए गए निर्देश और ऐप पर डेटा अपडेट

एसडीएम ने सभी बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे प्रातः 9:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक अपने-अपने मतदान केंद्र पर उपस्थित रहें। वहां रहकर वे मतदाताओं को एसआईआर से संबंधित कार्यों में आवश्यक सहायता प्रदान करें। एसडीएम ने बीएलओ को यह भी निर्देश दिए कि वे निर्वाचन आयोग की बीएलओ एप पर मतदाता का डाटा जरूरी रूप से अपडेट करें। इसके साथ में ही नोटिस देकर उसके हस्ताक्षर वाला फोटो भी जरूर अपलोड किया जाए। उन्होंने बीएलओ को निर्देश देते हुए कहा कि बीएलओ छोटी-छोटी त्रुटि जैसे नाम, जन्म तिथि, लिंग, पता आदि को नोटिस देने के मौके पर ही मूल दस्तावेज की जांच करके मतदाता का डाटा तुरंत अपडेट कर दें।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

दावे, आपत्तियों की समीक्षा और समयसीमा

उन्होंने एईआरओ, सुपरवाइजर एवं बीएलओ को अपने-अपने क्षेत्र में प्राप्त दावे एवं आपत्तियों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही फील्ड स्तर पर आवश्यक सत्यापन करने तथा सभी कार्रवाई का रिकॉर्ड व्यवस्थित करने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 01 जुलाई 2026 को आधार तिथि मानते हुए 30 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां ली जाएंगी। इसके पश्चात 28 सितंबर तक इनका निपटान किया जाएगा। मतदाता सूची से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

लंबित नोटिस और ग्रामीणों से अपील

उन्होंने निर्देश दिए कि जिन मतदाताओं के नोटिस अभी लंबित हैं, उनका वितरण आज सायं तक हर हाल में पूरा किया जाए। जिन मामलों में मतदाताओं द्वारा आपत्ति दर्ज की गई है अथवा सुनवाई की आवश्यकता है, उनकी सुनवाई की जाए। इसके बाद संबंधित दस्तावेज एवं विवरण पोर्टल पर समयबद्ध तरीके से अपलोड किए जाएं। बीएलओ को निर्देश दिए गए कि मतदाताओं की सहायता एवं मार्गदर्शन में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील करते हुए कहा कि वे एसआईआर से संबंधित कार्य में बीएलओ एवं प्रशासन का पूरा सहयोग करें। ग्रामीण अपने मतदाता संबंधी दस्तावेज समय पर उपलब्ध करवाएं। मौके पर उपस्थित ग्रामीणों को भी इस प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।

Share:

Comments

Leave a comment