रेवाड़ी में एसडीएम विजय कुमार यादव बोले- रक्तदान ही कर सकता है रक्त की पूर्ति, महाअभियान में 79 यूनिट ब्लड हुआ एकत्रित

रेवाड़ी, 21 अगस्त (अटल हिन्द/मनोज गोयल)। एसडीएम विजय कुमार यादव ने कहा है कि रक्तदान महादान है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को अपने जीवन में रक्तदान अवश्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पानी की तरह रक्त का कोई विकल्प नहीं है। एसडीएम आज प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय संस्थान द्वारा राजयोगिनी प्रकाशमणि की 119 वीं पुण्य स्मृति में विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान के तहत आयोजित शिविर को संबोधित कर रहे थे। कोसली आईटीआई में आयोजित हुए इस शिविर में एसडीएम ने कहा कि समाज में यह भ्रांति है कि रक्तदान करने से शरीर में कमजोरी आती है, जबकि ऐसा नहीं है। रक्तदान के बाद शरीर में रक्त निर्माण की प्रक्रिया पुन: शुरू हो जाती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे रक्तदान को मानव सेवा का माध्यम बनाकर इस पुनीत कार्य में अधिक से अधिक भागीदारी करें। शिविर में 79 यूनिट ब्लड एकत्रित किया गया।
एम्स के सहयोग से हुआ शिविर का आयोजन
बीके निर्मला ने बताया कि इस शिविर का आयोजन बाढ़सा एम्स के सहयोग से किया गया है। इस अवसर पर डीएसपी विद्यानंद ने युवाओं को साइबर क्राइम तथा नशा, जुआ, सट्टा जैसी बुराइयों से दूर रहने के लिए सचेत किया। शिविर में आईटीआई प्राचार्य अनिल दलाल, सरपंच रामकिशन जांगड़ा, सुमन, सोनू, मनोज यादव, राजेंद्र, पंच ओमप्रकाश डाबला आदि मौजूद रहे।