हरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा ही संकल्प अभियान, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने दी जानकारी

हरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा ही संकल्प अभियान, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने दी जानकारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन तथा 25 वर्ष जनसेवा के पूर्ण होने पर सेवा ही संकल्प अभियान

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होंगे जनसेवा के कार्यक्रम-कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी

नरेंद्र जेठी/नरवाना /06 सितंबर  2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी ने नरवाना में स्थानीय पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस का दौरा किया। उन्होंने वहां क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पात्र नागरिकों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाया जाए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष जनसेवा पूर्ण होने पर आयोजन

कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन तथा 25 वर्ष जनसेवा के पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेश में विशेष अभियान चलाया जाएगा। हरियाणा प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा ही संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान प्रदेशभर में सेवा, सुशासन, जनभागीदारी और विकास की भावना को और अधिक मजबूत करने वाला होगा। इस अभियान को प्रभावी एवं सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। गौरतलब है कि कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी को इस अभियान का राज्य स्तरीय प्रभारी बनाया गया है।

90 विधानसभा क्षेत्रों में होंगे विशेष जनसेवा कार्यक्रम

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि अभियान के दौरान प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में 180 स्थानों पर विशेष जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश में हुए विकास कार्यों और जनहित में लागू की गई योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि सेवा ही संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को केवल सरकारी स्तर तक सीमित रखना नहीं है। बल्कि उन्हें लाभार्थियों और आमजन के अनुभवों से जोड़ना है। जिन नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला है, उनके अनुभवों को समाज के सामने लाया जाएगा।

लाभार्थियों की जुबानी सामने आएगी बदलाव की कहानी

‘लाभार्थियों की जुबानी, सामने आएगी बदलाव की कहानी’ थीम के माध्यम से यह बताया जाएगा कि सरकारी योजनाओं से आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने बताया कि सेवा ही संकल्प अभियान के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय विशेष उत्सव भी आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और मिशन इंद्रधनुष सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों के अनुभवों को भी ‘बदलाव की कहानी’ के रूप में सामने लाया जाएगा।

लाडो लक्ष्मी योजना का होगा विस्तार

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि 25 सितंबर से लाडो लक्ष्मी योजना का विस्तार भी किया जाएगा। अब इस योजना का लाभ एक लाख 80 हजार रुपए तक सालाना आमदनी वाली महिलाओं को भी मिलेगा। इस प्रकार अब लाभ पात्र महिलाओं की संख्या करीब 17 लाख हो जाएगी। कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवा संकल्प अभियान के दौरान आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जन भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल आयोजन करना नहीं, बल्कि सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना होना चाहिए। इसके लिए विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ें। इस अवसर पर पूर्व विधायक पिरथी सिंह नंबरदार, मंडल अध्यक्ष दिनेश गोयल, सुरेंद्र सरपंच हथो, मोहनलाल गर्ग, सुशील शास्त्री, भीम दनौदा, विनय मित्तल, धर्मवीर बात्ता, अनिल शर्मा, विकेश तागरा, रणधीर कश्यप, कैबिनेट मंत्री के निजी सहायक मनोज कुमार, मीडिया प्रभारी संजय बल्हारा, जसवीर नैन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Share:

Comments

Leave a comment