हरियाणा में 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा

हरियाणा की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान तथा आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए पूरे हरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्तूबर, 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने सेवा संकल्प अभियान के संदर्भ में मंगलवार को जिला भाजपा कार्यालय में प्रेसवार्ता की। कार्यालय में पहुंचने पर मंत्री आरती सिंह राव और विधायक लक्ष्मण सिंह यादव का भाजपा जिला प्रभारी प्रो. मदन लाल गोयल और भाजपा जिला अध्यक्ष डा. वंदना पोपली ने स्वागत एवं अभिवादन किया।
प्रधानमंत्री के सेवा-संकल्प के प्रति कृतज्ञता और जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि यह अभियान प्रधानमंत्री के सेवा-संकल्प के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने, उनके जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने और विकसित भारत के निर्माण में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने का व्यापक जन अभियान होगा। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर ‘सेवा दिवस’ से होगा। इस दिन रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे और शाम को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम होगा। रेवाड़ी के माजरा एम्स में भव्य कार्यक्रम किया जाएगा। इसके साथ साथ पूरे जिलेभर में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने हरियाणा के प्रत्येक परिवार से आह्वान किया कि 17 सितंबर की शाम 7 बजे अपने घर में ‘आशीर्वाद का दीया’ अवश्य जलाएं। जब हर घर में सेवा और संकल्प का दीप जलेगा, तो पूरा हरियाणा प्रधानमंत्री के प्रति अपनी आत्मीयता और आभार की भावना से जगमग हो उठेगा।
विद्यालयों में प्रतियोगिताएं और अनकही कहानियों का प्रसारण
मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि अभियान के अंतर्गत सभी विद्यालयों में चित्रकला तथा भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसी प्रकार प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की परिवर्तन यात्रा को नुक्कड़ नाटकों, संगीत, संवाद और भावनात्मक प्रस्तुतियों के जरिए गांव-गांव पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई जन-कल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों परिवारों के जीवन में परिवर्तन आया है। उनकी कहानियां अक्सर सामने नहीं आ पातीं। इस दौरान, ऐसी अनकही कहानियां समाज के सामने लाई जाएंगी। आगामी 25 सितंबर से 7 अक्तूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें माताओं और बच्चों की सक्रिय भागीदारी होगी। इन कार्यक्रमों में आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के योगदान का सम्मान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गांवों और जिलों में अलग-अलग दिशाओं से पैदल यात्राएं और बाइक रैलियां भी निकाली जाएंगी।
नागरिकों का योगदान और उपस्थिति
मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि प्रधानमंत्री का मानना है कि विकसित भारत केवल सरकार के प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के योगदान से बनेगा। इसी भावना से सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। इसमें सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रत्येक नागरिक समाज के लिए कम से कम 25 मिनट दे। कोई रक्तदान करे, कोई पौधारोपण करे, कोई स्वच्छता अभियान चलाए, कोई बुजुर्गों को डिजिटल तकनीक सिखाए और कोई जरूरतमंद बच्चों को पढ़ाए। नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा, जल संरक्षण, साइबर सुरक्षा, महिला स्वास्थ्य और अंगदान के प्रति जागरूकता भी सेवा का माध्यम बन सकती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों से राष्ट्र के प्रति उनकी असाधारण, अविराम एवं समर्पित सेवाओं के लिए वे उन्हें नमन करती हैं। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनका यह 25 वर्षों का कार्यकाल सेवा, सुशासन, संकल्प और राष्ट्र निर्माण का प्रेरणादायी अध्याय है। इस अवसर पर मास्टर हुकमचंद, रत्नेश बंसल, महामंत्री कुलदीप चौहान, मीडिया प्रभारी जतिन अनेजा, सुनील मूसेपुर आदि मौजूद रहे।