शामली में 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां, मंत्री जसवंत सिंह सैनी करेंगे ध्वजारोहण

जनपद शामली में 15 अगस्त 2026 को मनाए जाने वाले स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों को लेकर जिला मजिस्ट्रेट श्री आलोक यादव ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री श्री जसवंत सिंह सैनी करनाल रोड स्थित राष्ट्रीय किसान इंटर कॉलेज में ध्वजारोहण करेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा तय किए गए कार्यक्रमों के अनुसार, प्रातः 7:30 बजे प्रत्येक गांव व कस्बों में प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इस प्रभात फेरी में बच्चों, अभिभावकों, प्रबंध समिति के सदस्यों और सम्मानित नागरिकों को भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसका आयोजन जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देशन में शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों व प्रधानाध्यापकों द्वारा कराया जाएगा।
प्रातः 8:00 बजे सभी सरकारी तथा गैर सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। ध्वज फहराने के साथ ही झंडा-अभिवादन और राष्ट्रगान का भावपूर्ण गायन किया जाएगा। राष्ट्रीय ध्वज में पुष्पों की पंखुड़ियां बांधकर उसे संबंधित विभाग के वरिष्ठतम अधिकारी द्वारा फहराया जाएगा। इसके बाद प्रातः 8:30 बजे सभी शिक्षण संस्थाओं में ध्वजारोहण होगा, जिसके पश्चात खेल-कूद और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
प्रातः 9:00 बजे महापुरुषों, देश के शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की मूर्तियों पर माल्यार्पण किया जाएगा। नगर क्षेत्रों में यह कार्य नगर पालिका परिषद या नगर पंचायत के अध्यक्षों द्वारा अधिशासी अधिकारियों के माध्यम से होगा, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित ग्राम प्रधान जिला पंचायत राज अधिकारी के माध्यम से माल्यार्पण करेंगे।
प्रातः 9:00 बजे मुख्य अतिथि श्री जसवंत सिंह सैनी करनाल रोड स्थित राष्ट्रीय किसान इंटर कॉलेज में ध्वजारोहण करेंगे। इसी समय से सम्मिलित मार्च पास्ट शुरू होगा, जिसमें पुलिस बैंड, स्कूल बैंड, एनसीसी, होमगार्ड्स, स्काउट गाइड और छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। यह मार्च पास्ट राष्ट्रीय किसान इंटर कॉलेज से शुरू होकर सिटी ग्रीन पर समाप्त होगा।
प्रातः 9:30 बजे दिल्ली रोड स्थित सिटी ग्रीन में जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जो मुख्य अतिथि श्री जसवंत सिंह सैनी की गरिमामई उपस्थिति में संपन्न होंगे। इसके बाद प्रातः 11:00 बजे जिला अस्पताल में मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा मरीजों को फलों का वितरण किया जाएगा।
अपराह्न 1:00 बजे वृद्धा आश्रम एवं कुष्ठ आश्रम में फल वितरण का कार्यक्रम जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय एकता, अखंडता, पंथ-निरपेक्षता और सांप्रदायिक सौहार्द को मजबूत बनाने तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मानित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रगान का सामूहिक गायन, स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास और देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।