शामली में सावन शिवरात्रि पर डाक कांवड़ियों की धूम, हरियाणा और राजस्थान जाने वाले वाहनों से शहर में लगा भीषण जाम

शामली में सावन शिवरात्रि पर डाक कांवड़ियों की धूम, हरियाणा और राजस्थान जाने वाले वाहनों से शहर में लगा भीषण जाम

सावन मास की शिवरात्रि पर भगवान आशुतोष के जलाभिषेक के लिए हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे डाक कांवड़ियों के वाहनों की सोमवार को शामली शहर में धूम रही। तेज रफ्तार से दौड़ते डाक कांवड़ वाहनों, डीजे पर बजते भोले के भजनों और शिवभक्तों के जयकारों से पूरा शहर शिवमय हो गया। हरियाणा और राजस्थान की ओर जाने वाले डाक कांवड़ियों के बड़े वाहनों को पुलिस प्रशासन ने शहर के बाहरी मार्ग से निकालते हुए कलेक्ट्रेट चौराहे से बलवा बाईपास होते हुए पानीपत-खटीमा हाईवे की ओर रवाना कराया।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

डाक कांवड़ियों की भारी भीड़ और यातायात व्यवस्था

सोमवार सुबह से ही डाक कांवड़ वाहनों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो देर रात तक लगातार जारी रहा। जैसे-जैसे शाम ढलती गई, डाक कांवड़ वाहनों की संख्या बढ़ती चली गई। राजस्थान के हनुमानगढ़, राजगढ़, खाटू, सीकर, लोहारू सहित हरियाणा के सिरसा, हिसार, हांसी, रोहतक, भिवानी, महेंद्रगढ़, जींद, फतेहाबाद और रेवाड़ी जाने वाले कांवड़ियों के जत्थे शामली से होकर गुजरे। डाक कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया था, हालांकि इसके बावजूद शहर में वाहनों का भारी दबाव बना रहा।

शहर में लगा भीषण जाम और पुलिस की कार्रवाई

डाक कांवड़ियों वाहनों की अचानक बढ़ी संख्या के आगे सोमवार देर रात शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। बड़ी संख्या में डाक कांवड़ वाहनों के शहर में प्रवेश करने से तहसील चौराहे से लेकर शिव चौक तक भीषण जाम की स्थिति बन गई। व्यवस्था बिगड़ने के बाद घंटों तक शहर जाम की चपेट में रहा। बाद में अधिकारियों के निर्देश के बाद पुलिसकर्मी सक्रिय हुए और कड़ी मशक्कत कर कांवड़ वाहनों को व्यवस्थित तरीके से निकलवाया, जिसके बाद धीरे-धीरे जाम की स्थिति सामान्य हो सकी।

धार्मिक और सामाजिक संगठनों द्वारा कांवड़ सेवा शिविर

कांवड़ियों की सेवा के लिए अनेकों सामाजिक संगठनों के साथ-साथ धार्मिक संगठन लगे हुए हैं। श्री मंदिर हनुमान टीला हनुमान धाम शामली पर चलाए जा रहे कावड़ सेवा शिविर में रोजाना भारी संख्या में शिवभक्त कावड़िए पहुंचे जहां स्नान, भोजन, विश्राम और चिकित्सा की विशेष व्यवस्था की गई थी। ग्लोबल शांतिकेयर हॉस्पिटल और सर्व मंगला कांवड सेवा शिविर में भी कांवड़ियों को भरपेट भोजन प्रसाद परोसा गया तथा चिकित्सकों की टीम सेवा में जुटी रही। शामली तहसील प्रशासन द्वारा भी एक दिवसीय शिविर लगाकर कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की गई।

Share:

Comments

Leave a comment