शामली में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ, जिलाधिकारी ने बच्चों को खिलाई एल्बेन्डाजॉल की गोली

शामली में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ किया गया है। यह अभियान 01 से 19 वर्ष तक के आयु वर्ग के सभी बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के लिए चलाया जा रहा है। राज्य स्तर पर प्राप्त दिशा-निर्देश के अनुसार कृमि मुक्ति अभियान आयोजन का शुभारम्भ श्री आलोक यादव जिलाधिकारी शामली एवं डा० तृतीय कुमार सक्सेना शामली द्वारा सिल्वर बेल्स पब्लिक स्कूल, शामली पर किया गया। कार्यक्रम शुभारंभ के अवसर पर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी महोदय का स्वागत एन०सी०सी० के कैडेट द्वारा किया गया।
जिलाधिकारी महोदय एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी के द्वारा कक्षा 10-बी के कुल 52 बच्चों के साथ-साथ लगभग 2240 बच्चों को एल्बेन्डाजॉल की गोली खिलाकर कार्यक्रम की शुरूआत की गई। साथ ही बच्चों को सॉफ-सफाई रखने, शिक्षा पर ध्यान देने और बच्चों व समस्त उपस्थित अधिकारी/अध्यापको से एन०डी०डी० कार्यक्रम की जागरूकता लाने पर बल दिया गया जिससे कि अधिक से अधिक बच्चें एल्बेन्डाजॉल की गोली का सेवन कर सके।
कृमि फैलने के कारण और उपचार की जानकारी
इस अवसर पर डॉ० अतुल बंसल अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी शामली द्वारा बच्चों को एल्बेन्डाजॉल की गोली द्वारा स्कूल में उपस्थित छात्र/छात्राओं को जागरूक किया गया। बच्चों में कृमि फैलने के कारण, उसके लक्षण, उसके दुष्प्रभाव एवं उपचार के बारे में विस्तार से बताया गया।
जनपद शामली में कुल लक्षित बच्चों को दी जा रही है गोली
श्री आशुतोष श्रीवास्तव, जिला कार्यक्रम प्रबन्धक द्वारा बताया गया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पूरे जनपद शामली में एक साथ 14.08.2026 को समस्त स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों में मनाया जा रहा है। जिसमें 01 से 19 वर्ष तक के कुल लक्षित 640582 बच्चों को एल्बेन्डाजॉल की गोली खिलाकर कृमि मुक्त किया जा रहा है। जो बच्चे 14 अगस्त 2026 को किसी कारणवश गोली खिलाने से वंचित रह जाते है उन्हें 18 अगस्त 2026 को मॉप-अप चरण आयोजित कर गोलियां खिलाई जायेगी। एल्बेन्डाजॉल पूर्णतया सुरक्षित है, इसका कोई भी साइड इफेक्ट नहीं है। सभी बच्चों को एल्बेन्डाजॉल की गोली खिलाई जानी चाहिए जिससे पेट में मौजूद कीडे नष्ट हो जाते हैं व व्यक्ति स्वस्थ महसूस करता है। कार्यक्रम के शुभारम्भ के अवसर पर श्री अरूण बंसल, श्री अतुल बंसल, श्री अनिल बंसल प्रधानाचार्य ए०के० गर्ग एवं समस्त अध्यापक एवं छात्र/छात्राएं उपस्थित रहें।