शामली समाचार: कांवड़ यात्रा की सफलता, स्वास्थ्य जांच शिविर, फसल बीमा और स्वच्छता अभियान की खबरें

शामली जिले से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण खबरें सामने आई हैं जिनमें कांवड़ यात्रा की सफलता से लेकर स्वास्थ्य, कृषि और धार्मिक आयोजन शामिल हैं। साईंमां के चेयरमैन एवं लघु उद्योग भारती, सहारनपुर मंडल के अध्यक्ष अंकित गोयल ने कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं निर्विघ्न संपन्न कराने पर जनपद के समस्त प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को बधाई दी हैं। उन्होंने कहा कि इस बार कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन ने धार्मिक आयोजन के साथ-साथ औद्योगिक एवं व्यापारिक गतिविधियों को भी सुचारू बनाए रखने में बेहतर कार्य किया है। अंकित गोयल ने कहा कि प्रशासन की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी उद्योग और व्यापारिक गतिविधि पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ने दिया गया। उद्योगों में कच्चे माल की आपूर्ति करने वाले वाहनों का आवागमन लगातार जारी रहा, वहीं तैयार माल की गाड़ियां भी निर्धारित समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचती रहीं। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन और औद्योगिक-व्यापारिक व्यवस्थाओं के बीच प्रशासन द्वारा स्थापित किया गया संतुलन सराहनीय है।
शामली रेलवे स्टेशन पर स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन
रोटरी क्लब शामली के तत्वावधान में बुधवार सुबह शामली रेलवे स्टेशन पर निशुल्क शुगर जांच एवं बीएमआई स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। मॉर्निंग वॉक के लिए पहुंचे स्थानीय नागरिकों ने शिविर का लाभ उठाया और इस दौरान कुल 98 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। शिविर में मुख्य वक्ता डॉ. अरविंद त्याल ने लोगों को मधुमेह से बचाव, शुगर नियंत्रण और वजन को संतुलित रखने के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शुगर और बढ़ता हुआ वजन शरीर के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं, इसलिए समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराना और जीवनशैली में सुधार करना बेहद जरूरी है। डॉ. त्याल ने शुगर और मोटापे के खतरे को समझाते हुए चीनी बांस का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार चीनी बांस का पौधा कई वर्षों तक जमीन के अंदर धीरे-धीरे विकसित होता रहता है और बाद में अचानक तेजी से बढ़ता है, उसी प्रकार शरीर में बढ़ती शुगर और वजन की समस्या भी अंदर ही अंदर नुकसान पहुंचाती रहती है। इसलिए लोगों को अपने स्वास्थ्य के हमेशा सजग रहना चाहिए। कार्यक्रम में रोटरी क्लब अध्यक्ष गुरुमुख सिंह ने शिविर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। प्रोजेक्ट चेयरमैन राजेश बंसल एवं शैलेश जैन ने शिविर के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और इस अवसर पर अजय गुप्ता, विकास चौधरी, पारस जैन, विनय गोयल, रविंदर गोयल और मनीष शर्मा मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत धान की फसल अधिसूचित
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ सीजन 2026-27 में धान की फसल को अधिसूचित किया गया है। उप कृषि निदेशक शामली प्रमोद कुमार ने जनपद के किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के अंदर अपनी धान की फसल का बीमा अवश्य करा लें, ताकि प्राकृतिक आपदा से होने वाले नुकसान की भरपाई की जा सके। उप कृषि निदेशक ने बताया कि धान की फसल के लिए प्रीमियम धनराशि 1864 रुपये प्रति हेक्टेयर निर्धारित की गई है, जबकि बीमित राशि 93,200 रुपये प्रति हेक्टेयर है। ऋणी किसान अपना फसल बीमा कराने के लिए 30 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं, वहीं ऋणी किसानों को अपने केसीसी खाते में फसल दर्ज कराने के लिए 24 अगस्त तक बैंक शाखा में संपर्क करना होगा। उन्होंने बताया कि गैर ऋणी किसान सीएससी केंद्र, बीमा एजेंट या बीमा पोर्टल एवं क्रॉप इंश्योरेंस ऐप के माध्यम से स्वयं फसल बीमा करा सकते हैं। गैर ऋणी किसानों के लिए बीमा कराने की अंतिम तिथि 14 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। उप कृषि निदेशक ने बताया कि पिछले खरीफ सीजन 2025-26 में जनपद के 564 किसानों ने फसल बीमा कराया था, जिसमें 167 किसानों को कुल 1 लाख 42 हजार 559 रुपये की सहायता राशि का लाभ मिला था। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि आंधी, तूफान, ओलावृष्टि सहित अन्य प्राकृतिक आपदाओं से फसल खराब होने की स्थिति में योजना के तहत किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
जैन स्थानक मंदिर में नरेश मुनि महाराज के प्रवचन
शहर के मील रोड स्थित श्री श्वेतांबर जैन स्थान मंदिर में आयोजित चातुर्मास के दौरान जैन स्थानक मील रोड पर नरेश मुनि महाराज ने प्रवचन करते हुए श्रद्धालुओं को जीवन में धर्म, संयम और आत्म सुधार का मार्ग अपनाने का संदेश दिया। नरेश मुनि महाराज ने कहा कि प्रवचन सुनने से मनुष्य को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है और धर्म के मार्ग पर चलने की शक्ति प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि साधु भी एक डॉक्टर की तरह होते हैं, जो शरीर का नहीं बल्कि आत्मा का उपचार करते हैं। जीवन में आत्मा का सुधार हो जाए तो व्यक्ति का जीवन आनंदमय बन जाता है और तीर्थंकरों ने आत्मा की रक्षा और कल्याण का मार्ग बताया है। भगवान महावीर ने चार कषायों को जीवन की सबसे बड़ी बाधा बताया है, जो व्यक्ति को सही मार्ग से विचलित करती हैं। इनमें सबसे पहले क्रोध का त्याग करना चाहिए क्योंकि क्रोध की अग्नि व्यक्ति के जीवन को नष्ट कर देती है और उसे पतन की ओर ले जाती है। महाराज ने कहा कि माता-पिता को अपने बच्चों की गलतियों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और बच्चों की हर जिद पूरी करना तथा गलतियों को बढ़ावा देना उनके भविष्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। यदि समय रहते बच्चों को सही दिशा नहीं दी गई तो वे गलत रास्ते पर जा सकते हैं, इसलिए अभिभावकों से बच्चों पर उचित नियंत्रण रखने और उन्हें संस्कार देने का आह्वान किया गया है। इस अवसर पर सतीश चंद्र जैन, नानक चंद जैन, राजीव जैन, सचिव अभिषेक जैन, विमल जैन, नितिन जैन, सत्येंद्र जैन, राजकुमार जैन, दीपक जैन, जय कुमार जैन, अशोक जैन, मुकुल जैन, विपुल जैन, वीरेश जैन, अमोल जैन, सचिन जैन, चंचल जैन मौजूद रहे।
गांधी पार्क में चलाया गया स्वच्छता एवं सफाई अभियान
बुधवार को 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत भाजपा नेता विवेक प्रेमी के नेतृत्व में गांधी पार्क में स्वच्छता एवं सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पार्क परिसर की साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता विवेक प्रेमी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य देश के वीर शहीदों एवं राष्ट्ररक्षकों की स्मृतियों को संजोने वाले स्मारकों की संभाल करना भी है।