शामली में तीज महोत्सव की धूम, स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां और बसपा की बैठक

शामली में विभिन्न संगठनों की ओर से तीज महोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया। इसके साथ ही जनपद में स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों की तैयारियां जोरों पर हैं और बहुजन समाज पार्टी की बैठक का आयोजन किया गया।
शामली में इनर व्हील क्लब ऑफ शामली की ओर से तीज महोत्सव धूमधाम एवं हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में क्लब की महिला सदस्यों ने विभिन्न प्रकार के मनोरंजक खेलों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। खेल प्रतियोगिताओं के दौरान विजेता रही मीनाक्षी माहेश्वरी को क्लब की अध्यक्ष प्रिया भट्ट ने तीज क्वीन के खिताब से नवाजा। महोत्सव के दौरान क्लब में दो नए सदस्यों की जॉइनिंग भी कराई गई, जिनमें अनीता संगल और सपना श्रीवास्तव शामिल रहीं। इस अवसर पर क्लब की सदस्यों ने तीज के पर्व की खुशियां एक-दूसरे के साथ साझा करते हुए सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों का आनंद लिया। कार्यक्रम में अनीता जैन, उषा गोयल, पूनम गर्ग, अर्चना गोयल, रेखा गोयल, बीना अग्रवाल, रश्मि वर्मा सहित क्लब की अन्य सदस्य मौजूद रहीं। सभी ने तीज महोत्सव को उत्साह और उल्लास के साथ मनाया।
ऋषभ महिला संगठन ने मनाया तीज महोत्सव
ऋषभ महिला संगठन की ओर से शुक्रवार को तीज महोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया। शहर के कमला कालोनी में संगीता जैन के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं ने बढचढकर हिस्सा लिया। जिसमें तीज महारानी सुधा जैन को सर्व सम्मति से चुना गया। जिन्हे उपहार देकर व ताज पहनाकर सम्मानित किया गया। लक्की ड्रा विजेता नीरज जैन रही। जबकि अन्य प्रतियोगिताओं में सुधा जैन, सीमा जैन आदि ने बाजी मारी, जिनको उपहार देकर सम्मानित किया गया। महिलाओं ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगे लेकर एक दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की बधाई भी दी। मौके पर सुधा, सीमा, नीरज, सुनीता, प्रिति, आभा, सुमप, पूनम आदि मौजूद रही।
लायंस क्लब शामली सिनर्जी का हरियाली तीज उत्सव
लायंस क्लब शामली सिनर्जी की ओर से क्लब सदस्यों के परिवार की महिलाओं के लिए हरियाली तीज उत्सव का भव्य आयोजन माजरा रोड स्थित रेस्तरां में किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए तीज पर्व की परंपराओं और सांस्कृतिक रंगों का आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान झूला, मेहंदी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, मनोरंजक खेल एवं विभिन्न प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहीं। महिलाओं ने प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया। आयोजन का उद्देश्य भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को बढ़ावा देने के साथ ही क्लब परिवार के सदस्यों के बीच आपसी प्रेम, सौहार्द एवं पारिवारिक संबंधों को मजबूत करना रहा। क्लब की महिला संयोजिका विधि शर्मा ने उपस्थित महिलाओं हिमानी संगल, वर्षा, मानसी गोयल, शिवानी जैन, रेनू काम्बोज और सिमरन काम्बोज का स्वागत किया। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आयोजन में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों एवं उनके परिवारों का आभार जताया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
शामली में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद में 15 अगस्त को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मुख्य समारोह करनाल रोड स्थित राष्ट्रीय किसान इंटर कॉलेज में होगा, जहां प्रातः नौ बजे मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद मार्च पास्ट और दिल्ली रोड स्थित सिटी ग्रीन में जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। डीएम आलोक यादव ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 7ः30 बजे जिले के गांवों और कस्बों में प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी। इसमें स्कूली बच्चों, अभिभावकों, प्रबंध समिति के सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। सुबह आठ बजे सभी सरकारी एवं गैर सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन होगा। इसके बाद सुबह 8ः30 बजे शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण तथा खेलकूद, वाद-विवाद एवं अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। सुबह नौ बजे नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में महापुरुषों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसी समय राष्ट्रीय किसान इंटर कॉलेज में मुख्य अतिथि जसवंत सिंह सैनी ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद कॉलेज से सम्मिलित मार्च पास्ट शुरू होगा, जिसमें पुलिस बैंड, स्कूल बैंड, एनसीसी, होमगार्ड, स्काउट-गाइड और स्कूली छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। मार्च पास्ट करनाल रोड से शुरू होकर सिटी ग्रीन पर संपन्न होगा। सुबह 9ः30 बजे दिल्ली रोड स्थित सिटी ग्रीन में मुख्य अतिथि की उपस्थिति में जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों में देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों के साथ प्रदेश सरकार के विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला अस्पताल में सुबह 11 बजे मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे। दोपहर एक बजे वृद्धाश्रम एवं कुष्ठ आश्रम में फल वितरण किया जाएगा। इसके अलावा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों के आश्रितों, पूर्व सैनिकों तथा सेना, अर्धसैनिक बल, सशस्त्र पुलिस एवं पुलिस बल के वीरों को सम्मानित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बहुजन समाज पार्टी की बैठक का आयोजन
शहर के मोहल्ला दयानंद नगर स्थित बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार जाटव के आवास पर शुक्रवार को पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के सोशल मीडिया संदेश पर चर्चा करते हुए उसके राजनीतिक एवं संगठनात्मक महत्व पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने का संकल्प लिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुनील कुमार जाटव ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय की नीति तथा बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की संविधान की मूल भावना के अनुरूप सर्वसमाज के हित और कल्याण के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कांशीराम द्वारा स्थापित बहुजन आंदोलन की परंपरा को आगे बढ़ाने में पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि पार्टी का संगठन केवल चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक परिवर्तन, समानता, संवैधानिक अधिकार और सामाजिक न्याय के व्यापक आंदोलन से जुड़ा है। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पूर्व में पार्टी से अलग हुए कुछ लोगों के कारण संगठन को राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ा, लेकिन निष्ठावान कार्यकर्ताओं ने हमेशा पार्टी का साथ निभाया।