रेवाड़ी में होगा सिद्धार्थ यादव का भव्य अभिनंदन, राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक बनने पर सर्व समाज का कार्यक्रम

भारतीय जनता पार्टी द्वारा युवा एवं ऊर्जावान नेता सिद्धार्थ यादव को राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस जिम्मेदारी के मिलने के उपलक्ष्य में रेवाड़ी में सर्व समाज की ओर से 12 सितंबर को KLP कॉलेज ऑडिटोरियम में एक भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा।
महज 30 वर्ष की आयु में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण दायित्व प्राप्त करना सिद्धार्थ यादव की प्रतिभा का प्रमाण है। इसे उनके संगठन के प्रति समर्पण, वैचारिक प्रतिबद्धता और प्रभावी नेतृत्व क्षमता का बड़ा प्रमाण माना जा रहा है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और पेशा
पेशे से अधिवक्ता सिद्धार्थ यादव सर्वोच्च न्यायालय में वकालत करते हैं। उन्होंने श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स, दिल्ली विश्वविद्यालय के विधि संकाय तथा यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन से उच्च शिक्षा प्राप्त की है।
अहीरवाल क्षेत्र में उत्साह का माहौल
अहीरवाल के युवा चेहरे को राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस जिम्मेदारी से रेवाड़ी ही नहीं, बल्कि पूरे दक्षिण हरियाणा में गर्व और उत्साह का माहौल बना हुआ है। उनके पैतृक गांव धामलावास से लेकर अहीरवाल के विभिन्न हिस्सों तक युवाओं, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों में खुशी और जोश देखा जा रहा है। राष्ट्रीय संगठन में मिली इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को क्षेत्र के लोग दक्षिण हरियाणा के युवा नेतृत्व की बढ़ती राष्ट्रीय पहचान के रूप में देख रहे हैं।
छात्र राजनीति से राष्ट्रीय स्तर तक का सफर
सिद्धार्थ यादव का संगठनात्मक सफर छात्र राजनीति से राष्ट्रीय स्तर तक का रहा है। वर्ष 2013 से 2022 तक वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से सक्रिय रूप से जुड़े रहे। इस दौरान उन्होंने ABVP दिल्ली के प्रदेश मंत्री तथा राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। इसके बाद उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया मंच पर अपनी सक्रिय भूमिका के माध्यम से एक अलग पहचान बनाई।
राष्ट्रीय समाचार चैनलों की बहसों में भाजपा का पक्ष मजबूती, तार्किकता और प्रभावशाली संवाद शैली के साथ रखने के कारण उन्होंने एक युवा एवं प्रभावशाली मीडिया चेहरे के रूप में पहचान बनाई है। राष्ट्रीय स्तर पर मिली नई जिम्मेदारी के बाद उनसे पार्टी के मीडिया एवं संचार तंत्र को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका की अपेक्षा की जा रही है।
अभिनंदन समारोह का आयोजन
रविवार को प्रातः 10 बजे केएलपी कॉलेज में सर्व समाज द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह केवल एक युवा नेता के सम्मान का अवसर नहीं है। यह अहीरवाल और दक्षिण हरियाणा की युवा शक्ति, प्रतिभा, परिश्रम और राष्ट्र के प्रति समर्पित नेतृत्व के सम्मान का गौरवपूर्ण अवसर होगा। इस समारोह में सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षणिक, व्यापारिक एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में युवा एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहेंगे। सर्व समाज ने विश्वास व्यक्त किया है कि सिद्धार्थ यादव को मिली यह जिम्मेदारी हरियाणा के युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी।