गुरुग्राम में भाजपा राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक सिद्धार्थ यादव का भव्य अभिनंदन, कहा- मैं पॉलिटिकल स्टार्टअप हूं

मैं भी एक पॉलिटिकल स्टार्टअप हूं '- सिद्धार्थ यादव
स्टार्टअप में किया गया निवेश कई गुना रिटर्न देता है, सूद सहित लौट आऊंगा
भाजपा संसदीय बोर्ड सदस्य पूर्व सांसद डा. सुधा यादव के पुत्र सिद्धार्थ यादव
भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक सिद्धार्थ यादव का भव्य अभिनंदन
अभिनंदन तो पीएम नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का करें
फतह सिंह उजाला/गुरुग्राम/ 8 सितंबर2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
गुरुग्राम के माता मंदिर रोड स्थित शुभ वाटिका में भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक सिद्धार्थ यादव के अभिनंदन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यूथ लीड्स गुरुग्राम फोरम द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और शहर के गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
अपने संबोधन में सिद्धार्थ यादव ने कहा, अभिनंदन मेरा नहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का होना चाहिए। जिन्होंने मुझ जैसे एक सामान्य कार्यकर्ता पर विश्वास जताकर इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी है।उन्होंने स्वयं को एक ‘पॉलिटिकल स्टार्टअप’ बताते हुए कहा, “स्टार्टअप में किया गया निवेश कई गुना रिटर्न देता है। आपने मुझ पर जो विश्वास रूपी निवेश किया है, उसे मैं सूद समेत अपने क्षेत्र और समाज की भलाई के लिए लौटाने का प्रयास करूंगा।” अपनी राजनीतिक और सामाजिक यात्रा को याद करते हुए सिद्धार्थ यादव ने उन सभी लोगों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने वर्षों से उनके एक सामान्य सैनिक परिवार को स्नेह और सहयोग दिया। उन्होंने कहा कि राजनीति को नकारात्मकता और व्यक्तिगत विरोध से ऊपर उठाकर सकारात्मकता, विकास और जनसेवा का माध्यम बनाना होगा।
युवा एक माह में एक घंटा शहर को समर्पित करें
उन्होंने गुरुग्राम के नागरिकों, विशेषकर युवाओं से आह्वान किया कि वे एक माह में एक घंटा अपने शहर के लिए समर्पित करें। उन्होंने कहा कि यदि शहर का हर नागरिक अपने स्तर पर थोड़ा समय गुरुग्राम की बेहतरी के लिए लगाए, तो जनभागीदारी के माध्यम से बड़े बदलाव की शुरुआत की जा सकती है। समारोह में उमड़ी भारी भीड़ और युवाओं की भागीदारी शहर में चर्चा का विषय बनी रही। भाजपा में राष्ट्रीय स्तर पर नई जिम्मेदारी मिलने के बाद गुरुग्राम में सिद्धार्थ यादव के इस पहले बड़े सार्वजनिक अभिनंदन कार्यक्रम को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक प्रतिनिधियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को खास बना दिया।
सार्वजनिक जीवन पर लघु फिल्म भी प्रदर्शित
कार्यक्रम में भाजपा संसदीय बोर्ड सदस्य डॉ. सुधा यादव, भाजपा प्रदेश महामंत्री सत्यप्रकाश जरावता, हरविंदर कोहली, सोहना विधायक तेजपाल तंवर, जिला अध्यक्ष अजीत यादव और सर्वप्रिय त्यागी, महिला आयोग की अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी, भाजपा नेता बोधराज सीकरी, तिलकराज मल्होत्रा, पूर्व मेयर मधु आजाद, पूर्व जिला अध्यक्ष कमल यादव सहित पार्टी एवं समाज के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सिद्धार्थ यादव को शुभकामनाएं देने के लिए बड़ी संख्या में पार्षद, गुरुग्राम जिले के विभिन्न गांवों के सरपंच, अलग-अलग सामाजिक एवं सामुदायिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा युवा भी समारोह में पहुंचे। कार्यक्रम में लोकगीतों की प्रस्तुति हुई और सिद्धार्थ यादव की सामाजिक एवं सार्वजनिक जीवन की यात्रा पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।