सिरसा में पुलिस ने एक महिला सहित सात नशा तस्करों को किया गिरफ्तार, हेरोइन और नशीली गोलियां बरामद

सिरसा जिले से पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से हेरोइन और प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद की गई हैं। इस तस्करी के मामले में एक महिला भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान सिरसा निवासी ओप्रकाश, विशाल, सुरेश कुमार, रानो बाई, सिकंदर सिंह, रणजीत सिंह और रवि सिंह के रूप में हुई है।
सीआईए सिरसा और एंटी नारकोटिक्स सेल की कार्रवाई
सीआईए सिरसा प्रभारी रविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस टीम गश्त के दौरान सिरसा शहर क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान सामने से बाइक सवार दो युवक आते दिखाई दिए, जो कि पुलिस को देखकर वापस मुड़ गए। पुलिस ने शक के आधार पर उनका पीछा किया और उन्हें दबोच लिया। तलाशी ली गई तो उनके कब्जे से आठ ग्राम हेरोइन बरामद हुई। वहीं एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा पुलिस टीम ने गांव रुपाणा बिश्नोईयां क्षेत्र से आरोपी सुरेश कुमार को सात ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है。
महिला समेत अन्य तस्कर भी गिरफ्तार
इसके अलावा सीआईए ऐलनाबाद पुलिस टीम ने गांव चकसाहिबा क्षेत्र से 13 ग्राम हेरोइन सहित महिला रानो बाई को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि महिला अपने हाथ में काले रंग की पॉलीथिन लिए हुए पैदल आती दिखाई दी और पुलिस टीम को देखकर छिपने का प्रयास किया। शक के आधार पर तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से हेरोइन बरामद हुई। डबवाली पुलिस ने क्षेत्र से प्रतिबंधित नशीली गोलियां व कैप्सूल सहित तीन आरोपियों सिकंदर सिंह, रणजीत सिंह और रवि को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सैकड़ों प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद की गई हैं। आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।