शहीद भगत सिंह स्टेडियम में नशे के खिलाफ भरी हुंकार, सिरसा में निकाली गई विशाल पदयात्रा

शहीद भगत सिंह स्टेडियम में नशे के खिलाफ भरी हुंकार, सिरसा में निकाली गई विशाल पदयात्रा

सिरसा जिले में पांव पसार चुके नशे के जानलेवा जाल और अवैध ड्रग्स के पनपते काले कारोबार को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए आज सिरसा की सड़कों पर भारी जनाक्रोश देखने को मिला। नशा मुक्ति सेना के नेतृत्व में आयोजित इस नशा विरोधी महाअभियान ने पूरे शहर का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। शहीद भगत सिंह स्टेडियम से शुरू हुई पदयात्रा जब सुर्खाब चौक की तरफ बढ़ी, तो वहां सैकड़ों युवाओं और आम नागरिकों के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।

शहीद भगत सिंह स्टेडियम में हुआ मुख्य कार्यक्रम

शहीद भगत सिंह स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान धार्मिक, सामाजिक और पुलिस अधिकारियों ने एक मंच पर आकर नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने का ऐलान किया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में डेरा बाबा भूमणशाह के गद्दीनशीन बाबा ब्रह्मदास, पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण, साध्वी राज राजेश्वरी तथा आईसीएस संस्थान के प्रमुख परिमल सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

तस्करों की जमानत और पैरवी न करने का आह्वान

उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कड़े लहजे में कहा कि नशे का व्यापार करने वाला व्यक्ति किसी का अपना या सगा नहीं हो सकता। वह केवल समाज और भावी पीढ़ियों का दुश्मन है। नशा तस्करी में यदि कोई भी व्यक्ति पकड़ा जाता है, तो समाज का कोई भी नागरिक या रिश्तेदार उसकी जमानत नहीं करवाएगा और न ही उसकी पैरवी करेगा। गांवों की पंचायतों से यह आह्वान किया गया कि वे प्रस्ताव पारित कर नशा तस्करों का गांवों में प्रवेश पूरी तरह वर्जित करें। नशे के कारोबार में लिप्त लोगों की गुप्त सूचना बिना किसी डर के तुरंत पुलिस प्रशासन तक पहुंचाई जाए। नशे के बढ़ते प्रकोप से रोज ढहते परिवारों को बचाने के लिए दलगत और व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर एक मंच पर आने का संकल्प लिया गया।

एसपी दीपक सहारण की सख्त चेतावनी

मंच से पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने नशा तस्करों को सीधी और कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि तस्करों की जानकारी देने के लिए मेरे घर और कार्यालय के दरवाजे आमजन के लिए 24 घंटे खुले हैं। आप बेझिझक होकर सूचना दें और आपकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। आप सिर्फ नशा बेचने वाले का पता बता दीजिए, बाकी का सारा काम मेरा और कानून का है। किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि पुलिस तस्करों को किसी भी सूरत में बख्शेगी नहीं।

नशा मुक्ति सेना के संस्थापक के विचार

नशा मुक्ति सेना के संस्थापक भवानी सिंह ने कहा कि सिरसा की पावन धरा को नशे के इस अभिशाप से मुक्त कराना ही उनके संगठन का एकमात्र ध्येय है। उन्होंने कहा कि आज स्टेडियम से सुर्खाब चौक तक निकाली गई यह पदयात्रा केवल एक प्रदर्शन नहीं है, बल्कि यह नशा माफिया के ताबूत में आखिरी कील साबित होगी। यदि आज समाज का हर व्यक्ति एक साथ मिलकर प्रण ले ले, तो यकीनन सिरसा बहुत जल्द पूरी तरह से नशा मुक्त हो जाएगा।

कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति

इस विशेष मौके पर विनोद, बलकार, जोगिदर शर्मा, तरुण भाटी, प्रियंका बोमरा, संदीप कालांवाली, जसवंत राठौर और धीरज सिंह मौजूद रहे। इसके अलावा आनंद सिंह रावत, अशोक अरोड़ा, विनोद, रवि भाकर, ललित, अमन सिंह राघव, कपिल बोसवाल, अनिल ठाकुर, नरेश, मदन ठाकुर, सौरभ, पुरुषोत्तम, अजय, गुरदीप, कृष्ण, अशोक, महेंद्र मास्टर तथा पारस सिंगला इत्यादि गणमान्य लोग भी इस आयोजन में उपस्थित थे।

Share:

Comments

Leave a comment