सिरसा में बड़ा एक्शन: 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते एएसआई गिरफ्तार, एसपीओ फरार

सिरसा, 06 सितंबर। हिसार एंटी करप्शन ब्यूरो टीम ने सिरसा जिले के डबवाली में तैनात एएसआई जगजीत सिंह को एनडीपीएस एक्ट के मामले में आरोपी को निकालने की एवज में 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। वहीं बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद एसिपीओ राजबीर सिंह रिश्वत की राशि लेकर वहां से फरार हो गया। एसीबी टीम उसकी तलाश कर रही है।
गोल बाजार चौकी में हुई रेड
जानकारी के अनुसार हिसार एंटी करप्शन ब्यूरो टीम ने इंस्पेक्टर सत्यवान के नेतृत्व में रविवार को गोल बाजार चौकी में रेड की। इस रेड के दौरान एएसआई को रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया गया। यह पूरा मामला शहर थाना डबवाली में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले से जुड़ा हुआ है।
क्या है पूरा मामला
इस मामले में श्री मुक्तसर साहिब पंजाब निवासी बबलू आरोपी है। आरोप है कि आरोपी को मुकदमे से बाहर निकालने के एवज में गोल बाजार चौकी में तैनात एएसआई जगजीत सिंह ने 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी टीम ने एक ट्रैप लगाया था।
रिश्वत की रकम लेकर भागा एसपीओ
रविवार को टीम इंस्पेक्टर सत्यवान के नेतृत्व में गोल बाजार चौकी पहुंची थी। योजना के अनुसार रिश्वत की रकम दी गई थी। इसी दौरान एएसआई जगजीत सिंह को रंगेहाथ पकड़ लिया गया। हालांकि, मौके पर मौजूद एसपीओ राजबीर सिंह रिश्वत की रकम लेकर वहां से भाग गया। अब एसीबी टीम उसकी तलाश कर रही है।