सिरसा में रिश्वत मामला: एएसआई सहित तीन के खिलाफ एसीबी ने दर्ज किया केस

सिरसा, 07 सितंबर: राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो यानी एसीबी हिसार की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। सिरसा जिले के डबवाली स्थित गोल बाजार पुलिस चौकी में तैनात एएसआई जगजीत सिंह को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में चौकी में तैनात हेड कांस्टेबल राकेश कुमार और एसपीओ राजवीर को भी सह आरोपी बनाया गया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
रिश्वत लेने के मामले में क्या है पूरा घटनाक्रम
उल्लेखनीय है कि छह सितंबर को एसीबी हिसार की टीम ने एएसआई जगजीत सिंह को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। एक शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को अपनी शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया था कि एएसआई जगजीत सिंह ने अपने सहकर्मियों हेड कांस्टेबल राकेश कुमार और एसपीओ राजवीर के साथ मिलकर साजिश रची थी। यह रिश्वत शिकायतकर्ता के दोस्त बबलू और उसके परिवार को एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एफआईआर में संरक्षण देने की एवज में मांगी गई थी। आरोपियों द्वारा कुल एक लाख 45 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की गई थी।
पहले भी ले चुके थे रिश्वत की बड़ी राशि
शिकायत के अनुसार आरोपियों द्वारा रिश्वत की एक लाख 25 हजार रुपये की राशि पहले ही ली जा चुकी थी। इसके अलावा शेष 20 हजार रुपये बाद में देने के लिए कहा गया था। शिकायत का पूरी तरह से सत्यापन करने के बाद एसीबी की टीम ने अपना जाल बिछाया। छह सितंबर को ट्रैप के दौरान एएसआई जगजीत सिंह ने शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत ली। यह राशि मौके पर चौकी में तैनात एसपीओ राजवीर को सौंप दी गई थी। इसके बाद आरोपी राजवीर रिश्वत की राशि लेकर मौके से फरार हो गया। वहीं एएसआई जगजीत सिंह को एसीबी की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस पूरे मामले में एसीबी टीम अन्य आरोपियों की भूमिका की भी बारीकी से जांच कर रही है।