सिरसा: समाज में परिवर्तन लाने में मीडिया की भूमिका अहम: सीजेएम संतोष बागोतिया

सिरसा में आयोजित एक वर्कशॉप के दौरान सीजेएम संतोष बागोतिया ने मीडिया की भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण बातें कहीं। सीजेएम संतोष बागोतिया ने कहा कि मीडिया आमजन की आवाज बनते हुए सशक्त समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
कानूनी सहायता और सरकारी योजनाओं की जानकारी
सीजेएम संतोष बागोतिया ने यह भी कहा कि आमजन को अपने अधिकारों, कानूनी सहायता और सरकारी योजनाओं के बारे में ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाने के लिए जागरूक करते रहें। ऐसा करने से अंतिम पंक्ति के अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्ति को भी योजना का लाभ मिलेगा। इससे उस व्यक्ति के जीवन स्तर में व्यापक बदलाव आएगा।
रोल ऑफ मीडिया इन सोशल अवेयरनेस वर्कशॉप
यह जानकारी सीजेएम संतोष बगोतिया ने सोमवार को सिरसा में आयोजित ‘रोल ऑफ मीडिया इन सोशल अवेयरनेस’ वर्कशॉप को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि समाज की बेहतरी के लिए तथ्यों के साथ भयमुक्त जानकारी का प्रस्तुतीकरण करने की भी एक सामाजिक जिम्मेदारी निभाएं।
निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता
उन्होंने स्पष्ट किया कि भ्रामक सूचनाएं समाज में भय और भ्रम पैदा कर सकती हैं। इसलिए निष्पक्ष, सत्य और जिम्मेदार पत्रकारिता को प्राथमिकता दें। सीजेएम ने कहा कि आज मीडिया कानूनी अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
सकारात्मक परिवर्तन में मीडिया का योगदान
उन्होंने अंत में कहा कि सरकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने, सामाजिक कुरीतियों और अन्य समस्याओं को सामने लाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में भी मीडिया का महत्वपूर्ण योगदान है।