सिरसा में बड़ी कार्रवाई: राजस्थान के दो नशा तस्कर लाखों के चूरापोस्त सहित गिरफ्तार

सिरसा में बड़ी कार्रवाई: राजस्थान के दो नशा तस्कर लाखों के चूरापोस्त सहित गिरफ्तार

सिरसा में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने राजस्थान के दो नशा तस्करों को 28 किलोग्राम चूरापोस्त सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पकड़ी गई चूरापोस्त की कीमत लाखों रुपये आंकी गई है। पकड़े गए तस्करों की पहचान राजस्थान के टिब्बी निवासी शमशेर सिंह व संदीप सिंह के रूप में हुई है।

बरनाला रोड पर हुई गिरफ्तारी

सीआईए प्रभारी रविंद्र कुमार ने मंगलवार को इस मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम सिरसा के बरनाला रोड क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान गांव पनिहारी की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर दोनों युवकों ने मोटरसाइकिल वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया। शक होने पर पुलिस कर्मचारियों ने दोनों युवकों को मौके पर ही काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से प्लास्टिक के थैले से 28 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

मामला दर्ज कर शुरू की जांच

पुलिस ने चूरापोस्त और मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ सदर थाना सिरसा में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पूछताछ के दौरान नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था, इस संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की संभावना है।

ट्रांसफार्मर चोर गिरोह का पर्दाफाश

उधर, पुलिस ने गांव गिदड़खेड़ा क्षेत्र में बिजली ट्रांसफार्मर से तेल व अन्य उपकरण चुराने वाले चोर गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से चोरीशुदा तेल व वारदात में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किए हैं। आरोपियों की पहचान सूरजभान व हरगोपाल के रूप में हुई है।

किसान की शिकायत पर कार्रवाई

सदर थाना प्रभारी ने बताया कि गांव गिदड़खेड़ा निवासी किसान सुखराज सिंह ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। किसान ने शिकायत दी कि वह 29 अगस्त की रात को अपने खेत में पानी लगा रहा था। इसी दौरान उसने अपने खेत में लगे बिजली ट्रांसफार्मर से दो व्यक्तियों को तेल निकालते हुए देखा। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरीशुदा तेल व हथियार बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी हरगोपाल के खिलाफ दो अभियोग पहले ही डबवाली थाना में दर्ज हैं।

Share:

Comments

Leave a comment