सिरसा में बड़ा एक्शन: लाखों रुपये के चूरापोस्त और हेरोइन के साथ तीन नशा तस्कर गिरफ्तार

सिरसा जिले में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये के चूरापोस्त और हेरोइन के साथ कुल तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14 किलोग्राम चूरापोस्त और छह ग्राम हेरोइन बरामद की है। इस कार्रवाई से इलाके में नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
रानियां क्षेत्र में दो तस्कर काबू
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 14 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ है, जिसकी बाजारी कीमत लाखों रुपये आंकी गई है। सीआईए ऐलनाबाद प्रभारी ने बुधवार को बताया कि पुलिस टीम गांव सुल्तानपुरिया क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक प्लास्टिक का थैला लेकर आते दिखाई दिए, जो पुलिस को देखकर वापस मुड़ गए। पुलिस ने शक के आधार पर बाइक का पीछा कर दोनों को काबू कर लिया।
तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 14 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सिरसा निवासी जसबीर सिंह व सोहन सिंह के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ थाना रानियां में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डबवाली में हेरोइन बरामद
सदर डबवाली पुलिस टीम ने गांव भारूखेड़ा क्षेत्र में गश्त पड़ताल के दौरान एक बिना नंबर प्लेट मोटरसाइकिल सहित एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छह ग्राम हेरोइन बरामद की है। आरोपी की पहचान गिरीश के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ सदर थाना डबवाली में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।