सिरसा में पानी की टंकी पर चढ़े किसान छठे दिन नीचे उतारे, प्रशासन ने दिया उचित मुआवजे का भरोसा

सिरसा में पानी की टंकी पर चढ़े किसान छठे दिन नीचे उतारे, प्रशासन ने दिया उचित मुआवजे का भरोसा

सिरसा जिले के गांव वैदवाला में पिछले पांच दिनों से पानी की टंकी पर चढ़े दो किसानों को प्रशासन ने बुधवार को नीचे उतार दिया है। मौके पर उपायुक्त शांतनु शर्मा और पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों को बिजली टावर लगाने के लिए अधिग्रहित की गई जमीन का उचित मुआवजा दिलाने का भरोसा दिलाया। किसानों के धरना स्थल पर किसान नेता गुरनाम चढूनी भी आए हुए थे। नीचे उतरने के बाद डीसी व एसपी ने दोनों किसानों को जूस पिलाया।

प्रशासन और किसानों के बीच वार्ता और कमेटी गठन

धरनारत किसानों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच वार्ता हुई। इस वार्ता के बाद दोबारा कमेटी बनाकर रिवेल्यूएशन करवाने पर सहमति बनी। एसपी ने भी किसानों पर किसी तरह के केस दर्ज करने की बात से इनकार किया। इस बात पर सहमति बनने के बाद किसान नेता गुरनाम चढूनी ने टंकी पर चढ़े किसानों को नीचे उतरने के बाद सिरोपा पहनाकर सम्मानित किया। बताया जा रहा है कि इस कमेटी में तीन किसान और बिजली निगम के अधिकारी शामिल होंगे। इस कमेटी के माध्यम से दस दिन में मांगों का समाधान किया जाएगा।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

किसान नेता गुरनाम चढूनी और किसान के बयान

किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि किसानों ने अपनी लड़ाई मजबूती से लड़ी है। अब एडीसी की अध्यक्षता में कमेटी गठित की जाएगी। इस कमेटी में तीन किसानों को भी शामिल किया जाएगा। कमेटी अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेगी और इसके बाद मुख्यमंत्री से मुलाकात की जाएगी। वहीं टंकी पर चढ़े किसान भूपेंद्र सिंह वैदवाला ने कहा कि कमेटी ने जो फैसला लिया है वह उन्हें मान्य है। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर मुआवजा सही नहीं दिया तो फिर आंदोलन किया जाएगा।

किसानों की चेतावनी और प्रशासन की मुस्तैदी

उल्लेखनीय है कि बीते दिवस किसानों ने प्रशासन को चेतावनी दी थी कि शीघ्र ही मामला नहीं सुलझा तो वे टावरों को उखाड़ देंगे। इस चेतावनी के बाद धरनास्थल पर किसान जुटना शुरू हो गए थे। चेतावनी के बाद प्रशासन सतर्क हो गया और मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। बाद में उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक धरनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने धरनारत किसानों से वार्ता कर मामले को शांतिपूर्ण सुलझा लिया गया है।

Share:

Comments

Leave a comment