सिरसा में बड़ा एक्शन: पांच नशा तस्कर गिरफ्तार, लाखों रुपये का चूरापोस्त और गांजा बरामद

पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला क्षेत्र से कुल पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये का 24 किलो चूरापोस्त और आधा किलो गांजा पत्ती बरामद की है। पकड़े गए सभी आरोपियों की पहचान पप्पू सिंह, गुरदेव सिंह, गुरविंदर सिंह, हरप्रीत सिंह और सौरभ कुमार के रूप में हुई है।
बस स्टैंड के पास से दो आरोपी गिरफ्तार
सीआईए सिरसा प्रभारी रविंद्र कुमार ने रविवार को जानकारी दी कि पुलिस टीम बस स्टैंड सिरसा के पास मौजूद थी। बस स्टैंड की पिछली साइड से दो युवक प्लास्टिक का थैला लेकर आते हुए दिखाई दिए। जो पुलिस को देखते ही दोनों वहां से वापस मुड़कर छिपने का प्रयास करने लगे। पुलिस कर्मचारियों ने दोनों युवकों को मौके पर ही काबू कर लिया और जब उनकी तलाशी ली गई तो प्लास्टिक के थैले से 20 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ।
करीवाला क्षेत्र से दो और तस्कर काबू
सीआईए ऐलनाबाद पुलिस ने गांव करीवाला क्षेत्र से दो युवकों को चार किलोग्राम चूरापोस्त सहित गिरफ्तार किया है। सीआईए ऐलनाबाद प्रभारी ने बताया कि पुलिस रानियां थाना क्षेत्र के गांव करीवाला की तरफ जा रही थी। गांव करीवाला के निकट दो युवक आते दिखाई दिए जो कि पुलिस को देखते ही वहां से भागने लगे। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें तुरंत काबू कर लिया। जब उनकी तलाशी ली गई तो उनके कब्जे से चार किलो चूरापोस्त बरामद हुआ। पकड़े गए इन दोनों आरोपियों की पहचान गुरविंदर सिंह व हरप्रीत सिंह के रूप में हुई है।
सिरसा शहर से गांजा पत्ती सहित एक तस्कर गिरफ्तार
इसके अलावा पुलिस ने सिरसा शहर क्षेत्र से एक युवक को 630 ग्राम गांजा पत्ती सहित गिरफ्तार किया है। एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम शहर क्षेत्र में लगातार गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चंडीगढिय़ा मोहल्ला में एक युवक आता हुआ दिखाई दिया जो कि पुलिस को सामने देखकर वापस मुड़ गया। पुलिस ने संदेह होने पर तुरंत उसे काबू कर लिया। जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 630 ग्राम गांजा पत्ती बरामद हुई। गिरफ्तार किए गए इस युवक की पहचान सौरभ के रूप में हुई है। उन्होंने अंत में यह भी बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामले दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है。