सिरसा में पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, पांच नशा तस्करों को किया गिरफ्तार और हेरोइन बरामद

सिरसा जिले में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने पांच नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से हेरोइन बरामद की गई है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान दिनेश, सुमित, वीर सिंह, राम सिंह व मनोज के रूप में हुई है। ये सभी सिरसा के निवासी हैं।
किसान चौक के पास ऑल्टो कार से पकड़े तीन तस्कर
सीआईए सिरसा प्रभारी रविंद्र कुमार ने शुक्रवार को इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम किसान चौक सिरसा के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान हुड्डा सेक्टर की तरफ से एक ऑल्टो गाड़ी आती हुई दिखाई दी। इस गाड़ी में तीन युवक सवार थे। पुलिस टीम को सामने देखकर युवकों ने गाड़ी वापस मोड़ने का प्रयास किया। पुलिस ने शक के आधार पर कार सवार युवकों को काबू कर लिया। उनके कब्जे से सात ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई गाड़ी को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
गांव फग्गू से रामसिंह सात ग्राम हेरोइन के साथ काबू
सीआईए ऐलनाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गांव फग्गू क्षेत्र से आरोपी रामसिंह को काबू किया है। उसके पास से सात ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। सीआईए प्रभारी ने बताया कि गश्त और चेकिंग के दौरान पुलिस टीम गांव फग्गू की तरफ जा रही थी। इसी दौरान सामने से एक युवक पैदल आता हुआ दिखाई दिया। वह युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने संदेह के आधार पर उसे तुरंत काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से सात ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
मनोज नौ ग्राम हेरोइन के साथ सिरसा शहर से गिरफ्तार
एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा की पुलिस टीम ने भी बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने सिरसा शहर क्षेत्र से युवक मनोज को काबू किया है। आरोपी के कब्जे से नौ ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। सीआईए प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने इस मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।