सिरसा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पांच नशा तस्कर गिरफ्तार, लाखों रुपये की हेरोइन बरामद

सिरसा जिले में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जिला पुलिस ने जिला क्षेत्र से गुरुवार को पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से करीब 27 लाख रुपये की हेरोइन बरामद की गई है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान छमिंद्र सिंह, सहदेव, राजकुमार, श्याम लाल व विक्रम सिंह के रूप में हुई है।
डबवाली उपमंडल में एक तस्कर गिरफ्तार
पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को जानकारी दी है कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान डबवाली उपमंडल के गांव रामपुरा बिश्रोइयां क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर युवक आता दिखाई दिया। वह युवक पुलिस टीम को देखकर वापस मुड़ गया। पुलिस ने शक के आधार पर उसका पीछा किया और उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 133 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। उन्होंने बताया कि बरामद की गई हेरोइन की बाजार कीमत करीब 26 लाख रुपये आंकी गई है।
सीआईए ऐलनाबाद और सीआईए सिरसा की कार्रवाई
इसके अलावा सीआईए ऐलनाबाद पुलिस ने गांव बरासरी क्षेत्र से दस ग्राम हेरोइन सहित बाइक सवार युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक की पहचान सहदेव के रूप में हुई है। वहीं दूसरी तरफ, सीआईए सिरसा पुलिस ने जिले के गांव भावदीन क्षेत्र से बाइक सवार तीन युवकों को काबू किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दस ग्राम हेरोइन बरामद की है। सीआईए सिरसा प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि पकड़े गए तस्करों की पहचान राजकुमार, श्याम लाल तथा विक्रम के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।