सिरसा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लाखों रुपये की हेरोइन के साथ चार नशा तस्कर गिरफ्तार

सिरसा जिले में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने जिला क्षेत्र से चार नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये की हेरोइन बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पंजाब निवासी जॉर्ज, सिरसा निवासी कर्मबीर सिंह, महान और कुलबीर सिंह के रूप में हुई है।
एंटी नारकोटिक्स सेल और सीआईए पुलिस टीम ने अलग-अलग जगहों पर यह कार्रवाई की है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, एंटी नारकोटिक्स सेल टीम सिरसा शहर में गश्त पर थी। अग्रसेन कॉलोनी की तरफ से एक युवक पैदल आता हुआ दिखाई दिया। वह युवक पुलिस टीम को देखकर वापस मुड़ गया। पुलिस ने शक के आधार पर उसे तुरंत दबोच लिया। जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से 35 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में इस आरोपी की पहचान पंजाब के जिला तरनतारन निवासी जॉर्ज के रूप में हुई है।
इसके अलावा सीआईए सिरसा पुलिस टीम ने एक अन्य कार्रवाई की है। सीआईए पुलिस टीम ने गांव भावदीन क्षेत्र से एक युवक को सात ग्राम हेरोइन सहित दबोचा है। सीआईए प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस आरोपी की पहचान कर्मबीर सिंह के रूप में हुई है। इसके साथ ही सिरसा पुलिस ने हेरोइन तस्करी के मामलों में वांछित चल रहे दो अन्य सप्लायरों को भी गिरफ्तार किया है।
इन दोनों आरोपियों की पहचान महान और कुलबीर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।