सिरसा में हर घर तिरंगा अभियान के तहत लगाई गई प्रदर्शनी, युवा पीढ़ी के लिए है ज्ञानवर्धक

हर घर तिरंगा अभियान के तहत सिरसा के लघु सचिवालय परिसर स्थित सरल केंद्र में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की ओर से एक विशेष प्रदर्शनी लगाई गई है। इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है।
प्रदर्शनी का अवलोकन
मंगलवार को हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड के चेयरमैन रोहताश जांगड़ा, जिलाध्यक्ष भाजपा यतीन्द्र सिंह एडवोकेट व अन्य गणमान्य लोगों ने सरल केंद्र में पहुंचकर इस प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता अंबर मेहता, हनुमान कुंडु, डा गंगा सागर केहरवाला और वीरेंद्र टिन्ना भी विशेष रूप से मौजूद रहे। आए हुए सभी अतिथियों ने ‘सेल्फी विद तिरंगा’ प्वाइंट पर सेल्फी भी ली।
युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक
इस दौरान चेयरमैन रोहताश जांगड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदर्शनी में हमारे तिरंगा का इतिहास तथा वंदे मातरम् से जुड़े महत्वपूर्ण ऐतिहासिक तथ्यों को विस्तार से प्रदर्शित किया गया है, जो विशेषकर युवा पीढ़ी के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक है। उन्होंने जिला वासियों से आह्वान किया कि वे इस अभियान में बढ़-चढकर भागीदारी करें और तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी पोर्टल पर अपलोड करके ई-सर्टिफिकेट अवश्य प्राप्त करें।
देशभक्ति की भावना को मजबूती
वहीं जिलाध्यक्ष भाजपा यतिंद्र सिंह एडवोकेट ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल राष्ट्रीय पर्व तक सीमित गतिविधियां नहीं हैं, बल्कि ये नागरिकों में देश भक्ति, राष्ट्र प्रेम और राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने बताया कि ऐसी गतिविधियों से युवा पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने और सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्रीय अभियानों से जोड़ने में मदद मिलती है।
स्थानीय पंचायत भवन में भी हुआ अवलोकन
हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने स्थानीय पंचायत भवन में मंगलवार को सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस दौरान विभिन्न गांवों से आए सरपंच और पंच भी मौजूद रहे। डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि प्रत्येक घर पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराकर हम राष्ट्र के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते हैं।