जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए सांस्कृतिक टीमों का हुआ चयन, सिरसा में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा

जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के लिए सोमवार को स्थानीय विवेकानंद वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रानियां रोड सिरसा में विभिन्न स्कूलों की टीमों का चयन किया गया। ये टीमें 15 अगस्त को सिरसा में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगी। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष फुटेला, डीआईपीआरओ रामनाथ, विवेकानंद वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रिंसिपल रामसिंह यादव तथा म्यूजिक अध्यापक विक्रम सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम चयन समिति के सदस्य मौजूद रहे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर अधिकारियों के विचार
जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष फुटेला ने कहा कि सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और प्रस्तुति के साथ-साथ वेशभूषा का भी विशेष महत्व होता है। इसलिए सभी टीमें निर्धारित समय से पहले पहुंचकर पूरी तैयारी के साथ प्रस्तुति दें और मंच पर आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें। स्वतंत्रता दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि देश के स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान और संघर्ष को याद करने का अवसर भी है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को देश की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्रभक्ति की भावना से जुडऩे का अवसर मिलता है।
विद्यार्थियों द्वारा दी गई प्रस्तुतियां और स्कूलों की भागीदारी
इस दौरान प्रतिभागी विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीत, सांग, एक्शन सांग, कोरियोग्राफी, हरियाणवी व राजस्थानी नृत्य, एक्रोबेटिक्स, भांगड़ा, गिद्दा सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रस्तुतियों के दौरान विभिन्न राज्यों की संस्कृति और देशभक्ति की भावना की शानदार झलक देखने को मिली। इस अवसर पर हेलन केलर स्कूल, प्रयास एवं आरकेजे स्कूल, द सिरसा स्कूल, गुरु नानक पब्लिक स्कूल, विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेंट जेवियर्स स्कूल, एवी इंटरनेशनल स्कूल, सेंट फ्रांसिस स्कूल, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मेला ग्राउंड, सिरसा तथा डीएवी पब्लिक स्कूल सिरसा की टीमों ने भाग लिया।