सिरसा: अदालत के स्टे के बावजूद जमीन बेचने और फर्जी दस्तावेज पर रजिस्ट्री मामले में नायब तहसीलदार सहित सात लोगों पर केस दर्ज

सिरसा: अदालत के स्टे के बावजूद जमीन बेचने और फर्जी दस्तावेज पर रजिस्ट्री मामले में नायब तहसीलदार सहित सात लोगों पर केस दर्ज

सिरसा में जमीन की खरीद-फरोख्त में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। अदालत के स्टे के बावजूद जमीन बेचने और फर्जी दस्तावेज तैयार कर रजिस्ट्री करवाने के आरोप में पुलिस ने नायब तहसीलदार सहित सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। यह कार्रवाई बुधवार को की गई है।

बयाना राशि और रजिस्ट्री का सौदा

सिरसा निवासी रजतपाल कौर ने पुलिस को दी शिकायत में यह जानकारी दी है। उसने बताया कि उसने दो कनाल नहरी जमीन खरीदने का सौदा सुखविंद्र कौर से 20 फरवरी को किया था। यह सौदा 96 लाख रुपये प्रति एकड़ की दर से तय हुआ था। इसके लिए उसने 11 लाख 11 हजार रुपये बतौर बयाना दिया था। रजिस्ट्री की तारीख 30 मई 2026 तय की गई थी। शिकायत के अनुसार इकरारनामे पर सुखविंद्र कौर के बेटे मनजीत सिंह ने भी सहमति के तौर पर हस्ताक्षर किए थे। दस्तावेज पर गवाहों के हस्ताक्षर करवाकर उसे नोटरी से सत्यापित कराया गया था।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

अदालत के स्टे के बावजूद कर दी रजिस्ट्री

आरोप है कि बाद में आरोपी पक्ष ने शिकायतकर्ता को धमकाया। उन्होंने बयाने की रकम हड़पने और जमीन की रजिस्ट्री उसके नाम नहीं कराने की बात कही। जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेचने की तैयारी की जानकारी मिलने पर शिकायतकर्ता ने अदालत में सिविल केस दायर किया। शिकायत के मुताबिक अदालत ने जमीन आगे बेचने पर रोक लगा दी थी। इसके बावजूद 25 मई को जमीन गुरमीत कौर के नाम कर दी गई। शिकायतकर्ता के अनुसार वह एक जून को इकरारनामे के तहत रजिस्ट्री करवाने के लिए बकाया राशि लेकर तहसील कार्यालय पहुंचा था। लेकिन वहां उसे पता चला कि जमीन की रजिस्ट्री गुरमीत कौर के नाम हो चुकी है। पुलिस ने शिकायत पर प्राथमिकी कर ली है।

किन-किन लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ केस

मामले के जांच अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर नायब तहसीलदार अशोक कुमार, डीड राइटर जगदेव सिंह, नंबरदार हरबंस सिंह व जसपाल सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इसके अलावा गांव वैदवाला निवासी सुखविंद्र कौर, उसके बेटा मनजीत सिंह और हुडा कॉलोनी सिरसा निवासी गुरमीत कौर के खिलाफ भी विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

Share:

Comments

Leave a comment