ऑपरेशन ट्रैक डाउन: सिरसा पुलिस ने 10 दिन में 21 मामले दर्ज कर 27 नशा तस्करों समेत 33 वांछित आरोपियों को किया गिरफ्तार

आगामी स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए सिरसा पुलिस की ओर से विशेष 'ऑपरेशन ट्रैक डाउन' चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सिरसा पुलिस पिछले 10 दिनों से अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने इस दौरान नशा तस्करी के कुल 21 मामले दर्ज किए हैं और 27 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस कार्रवाई में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, छीना-झपटी व अन्य संगीन मामलों में शामिल 33 वांछित आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। इन सभी आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि पुलिस महानिदेशक हरियाणा अजय सिंघल के निर्देशानुसार यह अभियान लगातार जारी है।
अपराधियों में कानून का भय पैदा करना है उद्देश्य
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराधियों के मन में कानून का भय पैदा करना है। इसके साथ ही आमजन को एक सुरक्षित माहौल देना भी इस कार्रवाई का प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गंभीर अपराधों में संलिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस लगातार वांछित और आदतन अपराधियों की धरपकड़ कर रही है ताकि उनके आपराधिक नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।
एक गैंग का पर्दाफाश और हिस्ट्रीशीट
इसी कड़ी के तहत सिरसा पुलिस ने एक गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से एक लाख 80 हजार रुपये की राशि बरामद की है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि उनके अन्य आपराधिक मामलों और साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा सके। एसपी ने बताया कि संगीन अपराधों में संलिप्त दो आरोपियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। इसके अलावा पूर्व में हिस्ट्रीशीटर रहे अपराधियों की गतिविधियों पर भी पुलिस लगातार कड़ी नजर रख रही है। पुलिस की टीमें वांछित अपराधियों, फरार बदमाशों और आदतन अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।
नशा तस्करों की संपत्ति होगी जब्त
एसपी दीपक सहारन ने कहा कि नशा तस्करों को पकड़ने के साथ-साथ पुलिस अब उनकी संपत्ति का ब्यौरा भी जुटा रही है। यह संपत्ति नशा तस्करों ने नशे की काली कमाई से अर्जित की है। पुलिस नशा तस्करों की इन संपत्तियों को चिन्हित कर रही है। स्थानीय प्रशासन की मदद से इन संपत्तियों को जब्त करवाने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस का यह अभियान लगातार आगे भी जारी रहेगा। नशे के कारोबार में जो भी व्यक्ति संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आमजन से पुलिस ने की सहयोग की अपील
एसपी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि लोग नशा तस्करों की सूचना बिना किसी डर के सीधे पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान को पूरी तरह से गुप्त रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी नशा तस्कर से डरने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। अपने बच्चों और समाज को नशे की बुरी आदत से बचाने के लिए लोगों को आगे आना चाहिए और पुलिस को तुरंत सूचना देनी चाहिए।