सिरसा में कूड़ा उठाने को लेकर तनातनी, पुलिस ने 20 प्रदर्शनकारी हिरासत में लिए

सिरसा में कूड़ा उठाने को लेकर तनातनी, पुलिस ने 20 प्रदर्शनकारी हिरासत में लिए

सिरसा में हड़ताली सफाई कर्मचारियों और पुलिस के बीच शनिवार को कूड़ा उठाने की कार्रवाई के दौरान तनातनी हो गई। प्रशासन की ओर से सुबह जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों के माध्यम से डंपिंग प्वाइंटों से कचरा उठाने की कार्रवाई शुरू की गई थी। जैसे ही कर्मचारी कूड़ा उठाने के लिए पहुंचे, आंदोलनरत सफाई कर्मचारियों ने इसका विरोध शुरू कर दिया।

कचरा उठाने के वाहनों को रोका और निकाली हवा

प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने कचरा उठाने में लगी जेसीबी और ट्रैक्टरों को रोकने का प्रयास किया और वाहनों के टायरों की हवा निकाल दी। कई कर्मचारी कचरा उठाने वाली गाडिय़ों के आगे अड़ गए और उन्हें आगे बढऩे से रोकने का प्रयास किया। कूड़ा उठाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक तनाव बना रहा।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

नगर परिषद चेयरमैन के आगे डाला कचरा और हुआ विरोध

गुस्साए कर्मचारियों ने नगर परिषद चेयरमैन कार्यालय के आगे भी कचरा डाल दिया। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करते हुए जमकर नारेबाजी की। ऐसा आरोप है कि कर्मचारियों पर पत्थर भी फेंके जिससे सफाई अभियान बाधित हुआ। जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रास्ते से हटाने का प्रयास किया तो दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बन गई।

पुलिस ने संभाला मोर्चा और 20 हिरासत में लिए

हालात बिगड़ते देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और करीब 20 प्रदर्शनकारी कर्मचारियों को हिरासत में लिया। स्थिति को नियंत्रित करते हुए पुलिस ने यह कार्रवाई की। इसके बाद पुलिस सुरक्षा के बीच जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से कचरा उठाने का काम जारी रखा गया। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी भी तैनात रहे ताकि दोबारा विवाद की स्थिति पैदा न हो।

सफाई व्यवस्था प्रभावित और कर्मचारियों का पक्ष

सफाई कर्मचारियों के आंदोलन के चलते शहर के बाजारों, मुख्य सडक़ों, कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थानों पर सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। जगह-जगह जमा कचरे के कारण लोगों को दुर्गंध और गंदगी का सामना करना पड़ रहा है। हड़ताली कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मांगों का समाधान करने के बजाय प्रशासन पुलिस बल के सहारे सफाई करवाने का प्रयास कर रहा है।

Share:

Comments

Leave a comment