सिरसा में फर्जी दसवीं प्रमाण पत्र के कारण सरपंच वीरपाल कौर बर्खास्त, ग्रामीणों ने स्कूल पर जड़ा ताला

सिरसा जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। जिले के गांव चट्ठा की सरपंच वीरपाल कौर को बर्खास्त कर दिया गया है। बुधवार को उपायुक्त शांतनु शर्मा ने यह कार्रवाई की है। यह कार्रवाई सरपंच की दसवीं कक्षा की शैक्षणिक योग्यता से संबंधित प्रमाण पत्र सही नहीं पाए जाने के बाद की गई है। मामले में आदेश जारी करते हुए पंचायत का रिकॉर्ड, धनराशि और अन्य संपत्ति पंचायत के बहुमत वाले पंच को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
जाली पाया गया दसवीं का प्रमाण पत्र
बताया जा रहा है कि सरपंच वीरपाल कौर की शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण पत्र की जांच की गई थी। जांच के दौरान दसवीं का प्रमाण पत्र जाली पाया गया। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई की। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उन्हें सरपंच पद से हटाने के आदेश जारी किए हैं।
ग्रामीणों ने स्कूल पर जड़ा ताला
दूसरी घटना में जिले के गांव रोड़ी के प्राथमिक पाठशाला में टीचर को डेपुटेशन पर भेजे जाने का विरोध किया गया। ग्रामीणों ने बुधवार को स्कूल के बाहर धरना प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। विभागीय अधिकारियों से आश्वासन मिलने के बाद गेट को खोला गया।
टीचर को वापस भेजने का मिला आश्वासन
अभिभावकों ने टीचर को डेपुटेशन पर गांव कुरंगावाली के स्कूल में भेजे जाने का विरोध किया था। अधिकारियों ने ग्रामीणों की मांग पर डेपुटेशन पर भेजे गए टीचर को वापस रोड़ी स्कूल में भेजने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव रोड़ी के प्राथमिक पाठशाला में करीब दो सौ बच्चे पढ़ते हैं। स्कूल में टीचरों के सात पद स्वीकृत हैं। इनमें से दो पद पहले से ही खाली हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है।