सिरसा में ट्रक ने रेहड़ी चालक को कुचला और खेत में घास काट रहे किसान की सर्पदंश से मौत

सिरसा में ट्रक ने रेहड़ी चालक को कुचला और खेत में घास काट रहे किसान की सर्पदंश से मौत

सिरसा जिले के रानियां कस्बे में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। ट्रक की टक्कर लगने से एक युवक की मौत हो गई है। मृतक की पहचान मक्खन सिंह के रूप में हुई है। यह घटना रविवार रात की है जब मक्खन अपनी सब्जी की रेहड़ी लेकर अपने घर वापस लौट रहा था। जब वह ऐलनाबाद बाईपास पर पहुंचा तो पीछे से आ रहे एक तेज ट्रक ने उसकी सब्जी की रेहड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।

परिजनों द्वारा घायल मक्खन को तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। वहां के चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। इसके बाद सोमवार को जिला नागरिक अस्पताल सिरसा में शव का पोस्टमार्टम किया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया।

किसान की सर्पदंश से मौत

सिरसा जिला के ही गांव बणी में एक अन्य दुर्घटना में किसान की मौत हो गई है। खेत में घास काटते समय एक सांप ने किसान को काट लिया। जानकारी के अनुसार गांव बणी निवासी मोहर सिंह अपने खेत में पशुओं के लिए घास काट रहा था। इसी दौरान अचानक एक सांप ने उसे काट लिया।

सांप के काटने के बाद मोहर सिंह की तबीयत अचानक बहुत बिगड़ गई। परिवार और अन्य लोगों द्वारा उसे उपचार के लिए तुरंत अस्पताल लाया गया। अस्पताल में रविवार रात को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में भी सोमवार को सिरसा के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment