सिरसा: पुलिस ने दो साइबर ठगी के मामलों का किया पर्दाफाश, यूपी और पंजाब से दो आरोपी गिरफ्तार

सिरसा, 14 सितंबर। पुलिस ने साइबर ठगी के दो मामलों का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार एक आरोपी को यूपी से तथा दूसरे को पंजाब से गिरफ्तार किया गया है। डबवाली साइबर अपराध शाखा प्रभारी आनंद कुमार ने सोमवार को यह जानकारी दी है।
ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर ठगी का मामला
थाना शहर डबवाली में एक अभियोग दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता हरदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि उसने मिंतरा ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफार्म से चप्पल मंगवाई थी। जब उसने अपने आर्डर की जानकारी लेने के लिए गुगल पर सर्च कर कस्टमर केयर के नम्बर पर कॉल की तो उन्होंने ऑर्डर कैंसिल करने की बात कही। हरदीप ने ऐसा करने से साफ मना कर दिया था।
व्हाट्सएप्प कॉल कर स्क्रीन शेयर करवाकर निकाले पैसे
इसके बाद हरदीप को व्हाट्सएप्प कॉल आई थी। शिकायतकर्ता को झांसे में लेकर स्क्रीन शेयर करवा ली गई। इसके बाद उसके खाते से करीब एक लाख चार हजार रुपये धोखाधड़ी से निकाल लिए गए। पुलिस ने इस मामले में आरोपी विवेक सिंह को यूपी से गिरफ्तार कर लिया है।
दूसरे मामले में पंजाब से आरोपी गिरफ्तार
एक अन्य मामले का भी पुलिस ने खुलासा किया है। शिकायतकर्ता मनोज कुमार के बैंक खाते से साइबर ठगों द्वारा एक लाख 33 हजार रुपये निकाले गए थे। इस मामले में आरोपी गुरलाल सिंह को गिरफ्तार किया गया है, जो पंजाब के संगरूर का रहने वाला है।
बैंक खाता फ्रीज करवाकर राशि वापस दिलाई
पुलिस ने शिकायत मिलने के तुरंत बाद ठगी करने वाले व्यक्ति के बैंक खाते को फ्रीज करवाया था। इसके बाद आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई थी। पुलिस ने पूरी जानकारी जुटाते हुए खाताधारक आरोपी गुरलाल सिंह को जिला संगरूर पंजाब से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए पीड़ित को 30 हजार रुपये की राशि वापस दिलवा दी है।