सिरसा में जमीनी विवाद: पिता और दामाद ने घर में घुसकर बेटे की गोली मारकर की हत्या

सिरसा के कालांवाली क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर मंगलवार तडक़े घर में घुसकर एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। हत्या का आरोप पिता और जीजा पर लगा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिरसा के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। मृतक की पहचान गांव खोखर निवासी जसंवत सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आराेपियाें ने एक के बाद एक छह गाेलियां चलाई। वहीं मृतक की पत्नी ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने तक शव लेने से मना कर दिया है।
जमीन बेचने को लेकर चल रहा था विवाद
पिता जलविंद्र सिंह और बेटे जसवंत सिंह के बीच जमीन बेचने को लेकर विवाद चल रहा था। जलविंद्र सिंह के पास दस एकड़ जमीन है, जिसमें से वह तीन एकड़ जमीन बेचना चाहता था। जलविंद्र सिंह के दो बेटे तेजेंद्र व जसवंत सिंह हैं। जसवंत सिंह जमीन बेचने का विरोध कर रहा था। इसे लेकर घर में अक्सर झगड़े होते थे। जलविंद्र सिंह पिछले कुछ समय से अपनी बेटी के ससुराल में रह रहा था। जलविंद्र की बेटी गुरजिंदर कौर पंजाब में विवाहित है।
घर में घुसकर दिया वारदात को अंजाम
मृतक की पत्नी जश्नप्रीत ने बताया कि उसका पति जसवंत सिंह सोमवार रात घर पर थे। मंगलवार तडक़े वह आंगन में सोए थे। इसके बाद कमरे में जाकर सो गए, जबकि जश्नप्रीत और उसका बेटा आंगन में थे। सुबह उसका ससुर व जीजा गुरजंट सिंह कुछ लोगों के साथ उनके घर पहुंचे, जिनके पास हथियार थे और उन्होंने चेहरे ढके हुए थे। जश्नप्रीत का आरोप है कि आरोपियों ने उसे तलवार दिखाकर धमकी दी कि अगर उसने शोर मचाया तो उसे जान से मार देंगे। इसके बाद गुरजंट सिंह और उसके साथी कमरे में गए और जसवंत पर गोलियां चला दीं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप और पुलिस कार्रवाई
जश्रप्रीत का आरोप है कि उसका ससुर सट्टेबाजी का काम करता है। पहले भी उसने जमीन बेचने को गिरवी रख दिया था, जिसे जसवंत ने छुड़वाया था। अब फिर उसका ससुर जमीन बेचना चाहता था, जिसका जसवंत सिंह विरोध कर रहा था। जश्रप्रीत ने बताया कि वह गर्भवती है। पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।