तरावड़ी के एस.एम.एस. मैमोरियल पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस और हरियाली तीज पर हुए शानदार कार्यक्रम

तरावड़ी, 16 अगस्त (कमल शर्मा)। तरावड़ी के एस.एम.एस. मैमोरियल पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस एवं हरियाली तीज पर देशभक्ति और संस्कृति से जुड़े रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रध्वज वंदन के साथ की गई।
देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
ध्वजारोहण के बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, कविताएँ, भाषण, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ मंच पर पेश कीं। बच्चों ने स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रनायकों के योगदान को याद करते हुए देशप्रेम और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
युवा पीढ़ी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण: गुरशरण ग्रेवाल
विद्यालय के प्रबंधक गुरशरण ग्रेवाल ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि देश की प्रगति में युवा पीढ़ी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम, एकता और देशभक्ति के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही उन्होंने सभी को तीज पर्व की शुभकामनाएँ देते हुए भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
पारंपरिक परिधानों में सजे बच्चे
हरियाली तीज के अवसर पर विद्यार्थियों ने पारंपरिक परिधान पहने। बच्चों ने पारंपरिक कपड़ों में सजकर तीज की समृद्ध भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत कर दिया। बच्चों के द्वारा प्रस्तुत किए गए तीज गीत, लोकनृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने इस पूरे कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। विद्यार्थियों के लिए विभिन्न मनोरंजक और रचनात्मक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
संस्कृति से जुड़े रहने का संदेश: डॉ. विभा कौशिक
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. विभा कौशिक ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद कराता है। यह पर्व हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने आगे कहा कि भारतीय त्योहार हमारी संस्कृति, परंपराओं और आपसी प्रेम एवं भाईचारे को मजबूत करने का काम करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को हमेशा अपनी संस्कृति से जुड़े रहने और एक जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
राष्ट्रगान के साथ हुआ समापन
इस शानदार कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। कार्यक्रम के दौरान पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति, उल्लास और खुशी के वातावरण से सराबोर नजर आया।
फोटो : एसएमएस मेमोरियल पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए बच्चे।