सोनीपत में पुलिस की मौजूदगी में 500 टन कचरा उठाकर बिजली उत्पादन प्लांट में पहुंचाया गया

सोनीपत में पुलिस की मौजूदगी में 500 टन कचरा उठाकर बिजली उत्पादन प्लांट में पहुंचाया गया

सोनीपत में सफाई कर्मियों की हड़ताल के चलते निगम अधिकारियों ने बीती रात भारी पुलिस फोर्स के साए में दो दर्जन से ज्यादा स्थानों से लगभग 500 टन कूड़ा उठाया। यह कूड़ा मुरथल स्थित कूड़े से बिजली बनाने वाले प्लांट तक पहुंचाया गया। इस कार्रवाई से आमजन ने राहत की सांस ली है। कूड़े की समस्या को देखते हुए निगम द्वारा लगातार अभियान चलाया जाएगा।

गुरुवार की पूरी रात से शुक्रवार सुबह तक दर्जनों ट्रैक्टर ट्रालियों एवं डोजर की मदद से कूड़ा उठाने का अभियान शुरू किया गया। सबसे पहले सेक्टर 23 के डंपिंग यार्ड को पूरी तरह से खाली करवाया गया। उसके बाद तिरंगा चौक, सुभाष स्टेडियम, महलाना रोड़, मिशन चौक, गुड़ मंडी, आर्य नगर, ओल्ड रोहतक रोड़, कालूपुर चुंगी, ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया, टाटा मोटर्स, आई टी आई चौक, एटलस रोड़, रेस्ट हॉउस, बस स्टेंड, कपड़ा मार्केट, बीज मार्केट, नंदवानी नगर, हेम नगर, सिक्का कॉलोनी, भोगल अस्पताल के सामने और सब्जी मंडी के पास से कूड़े के ढेर हटवाए गए।

सफाई कर्मियों की एक महीने से चल रही हड़ताल के चलते हर स्थान पर कूड़े के बड़े-बड़े ढेर लग गए थे। सेक्टर 23 और बाबा धाम के पीछे वाले डंपिंग पॉइंट पूरी तरह से भर गए थे। तीन दिन पहले सफाई करवाने के दौरान हड़ताली कर्मचारियों ने पुलिस बल की मौजूदगी में कूड़ा उठवाने वाली गाड़ियों के टायरों में पंचर कर दिया था। इसके अलावा कूड़े की ट्राली बस अड्डे के पास पलट दी गई थी। पुलिस ने हड़ताली कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। इसी कारण रात को ज्यादा पुलिस बल के साथ कूड़े को उठवाने का काम किया गया।

मेयर राजीव जैन ने कहा है कि सरकार ने सफाई कर्मियों की ज्यादातर मांगे मान ली हैं। आमजन की तकलीफ को देखते हुए ही कूड़ा उठाने का यह विशेष काम किया गया है। उन्होंने दुकानदारों से भी यह अपील की है कि वे जगह-जगह कूड़ा डालने के बजाए बाजार में एक ही स्थान पर कूड़ा इकट्ठा करें ताकि उसे मशीनों से आसानी से उठाया जा सके।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment