सोनीपत में फ्लाईओवर पर अज्ञात वाहन की टक्कर से सहायक इंजीनियर की दर्दनाक मौत, जानिए पूरी घटना

सोनीपत के बड़ी औद्योगिक क्षेत्र स्थित फ्लाईओवर पर सोमवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में बाइक सवार सहायक इंजीनियर विशाल कुमार (30) की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। यह पूरा हादसा औद्योगिक क्षेत्र बड़ी के गेट नंबर दो के सामने बने फ्लाईओवर पर हुआ है। मृतक विशाल कुमार उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के पिलखनी गांव के रहने वाले थे।
कहां और किस कंपनी में करते थे काम
विशाल कुमार गन्नौर जीटी रोड पर चौकी ढाणी के पास स्थित एक्का इलेक्ट्रॉनिक (इंडिया) लिमिटेड में सहायक इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। पुलिस के अनुसार, विशाल अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद पल्सर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान फ्लाईओवर पर किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत नागरिक अस्पताल, सोनीपत पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दुखद सूचना मिलने पर परिजन तुरंत अस्पताल पहुंचे और शव की पहचान की।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
बड़ी थाना पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक नरेश ने शवगृह में परिजनों के बयान दर्ज किए। मृतक के छोटे भाई हर्ष शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने 11 अगस्त को अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया था। सहायक उपनिरीक्षक नरेश ने बताया कि पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। फरार वाहन और चालक की पहचान के लिए पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की लगातार जांच की जा रही है।