सोनीपत में बजाना खुर्द जलघर का उद्घाटन, तीन गांवों को मिलेगा रोज 10 लाख लीटर स्वच्छ पानी

सोनीपत के बजाना खुर्द गांव में लगभग 7 करोड़ 18 लाख 25 हजार रुपए की लागत से तैयार जलघर का बुधवार को गन्नौर विधायक देवेंद्र कादियान ने नारियल फोड़कर उद्घाटन किया। इस जलघर से बजाना कलां, बजाना खुर्द और पुगथला गांव के ग्रामीणों को रोजाना करीब एक एमएलडी यानी 10 लाख लीटर ट्रीटेड पानी की सप्लाई होगी। नहर से आने वाले पानी को पहले जलघर में स्टॉक टैंक में जमा किया जाएगा। इसके बाद ट्रीटमेंट के जरिए शुद्ध कर तीनों गांवों में सप्लाई दी जाएगी।
जलघर की मुख्य विशेषताएं और क्षेत्र की समस्या
करीब 3 एकड़ में बने जलघर में नहर के पानी के भंडारण, ट्रीटमेंट और साफ पानी को स्टोर करने की व्यवस्था की गई है। क्षेत्र में भूजल खारा होने और जलस्तर काफी नीचे जाने के कारण ग्रामीणों को लंबे समय से स्वच्छ पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। नए जलघर से इस समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि तीनों गांवों में खारे पानी और गिरते भूजल स्तर की समस्या को देखते हुए जलघर की जरूरत थी।
नहर के पानी का ट्रीटमेंट और आगामी योजनाएं
अब नहर के पानी को ट्रीट कर ग्रामीणों को उपलब्ध कराया जाएगा। इससे लोगों को स्वच्छ पेयजल मिलने के साथ भूजल पर निर्भरता भी कम होगी। उन्होंने कहा कि सरकार हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए काम कर रही है। जल जीवन मिशन और हर घर जल जैसी योजनाओं के माध्यम से पेयजल व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। उद्घाटन के बाद विधायक ने जलघर परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विधायक कादियान ने बताया कि गन्नौर क्षेत्र के करीब 24 गांवों में जल्द लोगों को यमुना का स्वच्छ पेयजल मिलेगा। इसके लिए सरकार ने करीब 78 करोड़ रुपए की स्वीकृति दे दी है। टेंडर प्रोसेस पूरा होने के बाद इस परियोजना पर काम शुरू होगा।
उनका कहना है कि इंडस्ट्री के चलते कई गांवों में भूजल पीने लायक नहीं बचा है। गंदगीयुक्त पानी पीने से लोग बीमार पड़ रहे है। ऐसे में रेनीवेल योजना काफी हितकारी होगी। इस अवसर पर पब्लिक हेल्थ विभाग से एक्सईन गौतम, एसडीओ भूपेंद्र सिंह, जेई तेजबीर, अनिल कुमार, रामसिंह, भीम सिंह, मेहर सिंह, वीरेंद्र, मास्टर बिजेंद्र, जोरा नंबरदार, रामपाल, जिले सिंह, वासुदेव, प्रवीन, धर्मपाल, रणबीर, विजय, भजनलाल, सूरजभान, सेवा बैरागी आदि मौजूद रहे।