सोनीपत में सीआईएसएफ जवान के घर से सात लाख नकदी और लाखों के जेवर चोरी, जांच में जुटी पुलिस

सोनीपत में सीआईएसएफ जवान के घर से सात लाख नकदी और लाखों के जेवर चोरी, जांच में जुटी पुलिस

सोनीपत के गांव भटाना जाफराबाद में सोमवार की आधी रात को एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। चोर सीआईएसएफ जवान के घर से सात लाख रुपये नकद और लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी करके ले गए हैं। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। चोरों ने मकान के पीछे लगी सीढ़ी का इस्तेमाल किया और छत पर पहुंचे। इसके बाद चोर जीने के रास्ते से पिछले हिस्से में बने स्टोर रूम में दाखिल हुए। स्टोर में घुसकर चोरों ने अलमारी का ताला तोड़ा और इस बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

गांव निवासी सुभाष ने मोहाना थाना पुलिस को दी अपनी शिकायत में पूरी घटना की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि आधी रात के बाद परिवार के सभी सदस्य अपने घरों में सो रहे थे। सुभाष खुद आगे वाले कमरे में सो रहे थे, जबकि उनका बेटा और उनकी पुत्रवधू साइड वाले कमरे में सो रहे थे। जब वे सुबह उठे तो उन्होंने देखा कि स्टोर में रखी अलमारी का ताला टूटा हुआ है। जब उन्होंने घर का सामान जांचा तब उन्हें चोरी होने का पता चला।

शिकायत के अनुसार चोर घर से पांच सोने की चेन, 10 सोने की अंगूठियां, एक सोने का कड़ा, गले का सेट और मंगलसूत्र चुरा ले गए। इसके अलावा चोर चांदी की पाजेब और चुटकी भी अपने साथ ले गए। अलमारी के अंदर परिवार के कई अलग-अलग सदस्यों के जेवर रखे हुए थे। सीआईएसएफ जवान राजेश ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि उनके भाई रिंकू की बड़वासनी के पास घेवर की दुकान है। सीजन के दौरान दुकान से हुई कुल कमाई के सात लाख रुपये अलमारी में रखे गए थे, जिन्हें चोर आसानी से चुरा कर ले गए।

परिवार के लोगों के अनुसार चोरों ने रात को करीब दो बजे छत पर पहुंचे होंगे। सुबह जब घर में चोरी होने का पता चला तो तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मोहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उन्होंने घटनास्थल की जांच की। इसके अलावा एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस चोरों के आने और जाने के रास्तों की भी बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस ने मिली शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस चोरी हुए सामान की बरामदगी करने और आरोपियों की पहचान करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment