सोनीपत में सफाई कर्मियों की हड़ताल से परेशान व्यापारियों और नागरिकों ने मेयर के साथ मिलकर खुद उठाया शहर का कूड़ा

सोनीपत में सफाई कर्मियों की हड़ताल से परेशान व्यापारियों और नागरिकों ने मेयर के साथ मिलकर खुद उठाया शहर का कूड़ा

शहर के व्यापारियों ने मेयर के साथ शहर का कूड़ा उठाया

करीब एक माह से सफाईकर्मी कर रहे हैं हडताल

पूरे शहर में हर जगह लगे हैं कूड़े के ढेर

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

रणवीर रोहिल्ला/सोनीपत /03 सितंबर  2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

सोनीपत में सफाई कर्मियों की प्रदेश व्यापी हड़ताल के चलते जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं। इससे परेशान होकर व्यापारियों और नागरिकों ने स्वयं सफाई का बीड़ा उठाया है। व्यापारियों ने सामूहिक रूप से एकत्रित होकर ट्रैक्टर ट्रालियों में कूड़ा भरने की शुरुआत की।

करीब एक माह से सफाई कर्मी हड़ताल पर चल रहे हैं। पूरे शहर में हर जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। जन्माष्टमी का त्यौहार होने के कारण मार्किट में गंदगी के चलते ग्राहकों का आना मुश्किल हो रहा था। कूड़े के ढेरों में कीड़े चलने के कारण बीमारियां फैल रही हैं।

कच्चे क्वार्टर मार्किट में व्यापारियों ने की शुरुआत

वीरवार सुबह 7 बजे कच्चे क्वार्टर मार्किट में सभी दुकानदार एकत्रित हुए। उन्होंने मौके पर नगर निगम मेयर राजीव जैन और पार्षद राजेंद्र चांदना को बुलाया। दुकानदारों ने मेयर और पार्षदों से कूड़ा उठाने में साथ देने की अपील की। देखते-देखते ही दो ट्राली कूड़ा साफ कर दिया गया।

भीम नगर और सारंग रोड अंडरपास पर सफाई अभियान

इसी तरह भीम नगर वासियों ने एकत्रित होकर पार्षद संजीव वलेचा को मौके पर बुलाया। नागरिकों ने सारंग रोड अंडरपास के नीचे सफाई अभियान चलाने की अपील की। मौके पर नगर निगम की मशीनों ने पुलिस बल की मौजूदगी में कूड़ा एकत्रित किया। नागरिकों के सहयोग से सारा कूड़ा 10 ट्रालियों में भरवाया गया।

विभिन्न वार्डों में पार्षदों के साथ नागरिकों ने की सफाई

वार्ड 18 में जाट कालेज के पास पार्षद सुनीता राठी ने नागरिकों के साथ मिलकर कई दिन से जमा कूड़ा उठवाया। वार्ड 12 में चिल्ड्रन पार्क, वार्ड 10 में नरेंद्र नगर, वार्ड 9 में पटेल नगर और वार्ड 21 में गढ़ी ब्राह्मण में सफाई हुई। वार्ड 20 में जैन बैग कॉलोनी और वार्ड 19 में ककरोई रोड पर भी नागरिकों ने सफाई की। यहाँ नागरिकों ने पार्षद लक्ष्मी नारायण तनेजा, रामनिवास रोहना, संजय बड़वासनिया, राजकुमार शर्मा, राजेश मलिक, मुकेश सैनी और मुकेश बामनिया को बुलाया था। पार्षदों ने भी नागरिकों के साथ मिलकर सफाई में पूरा सहयोग किया।

जनप्रतिनिधियों और हड़ताली कर्मचारियों से अपील

दुकानदारों एवं नागरिकों का कहना है कि पार्षद और मेयर हमारे जनप्रतिनिधि हैं। इसलिए संकट के समय उन्हें हमारे साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने हड़ताली कर्मचारियों से भी यह अपील की है कि जब हम बाजारों एवं गलियों में सफाई करें तो उसमें व्यवधान पैदा करके टकराव पैदा ना करें।

Share:

Comments

Leave a comment