सोनीपत में स्वतंत्रता दिवस समारोह: मंत्री राव नरवीर सिंह बोले- शहीदों के परिवारों का कल्याण सरकार की प्राथमिकता

सोनीपत में स्वतंत्रता दिवस समारोह: मंत्री राव नरवीर सिंह बोले- शहीदों के परिवारों का कल्याण सरकार की प्राथमिकता

सोनीपत में 80वें स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय समारोह शनिवार को पुलिस लाइन में देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने सुबह राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और पुलिस सहित विभिन्न टुकड़ियों ने शानदार परेड प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि राव नरबीर सिंह ने परेड का निरीक्षण किया और समारोह को संबोधित किया।

मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि सरकार शहीदों के परिवारों के कल्याण को प्राथमिकता दे रही है। देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए जवानों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी दी जा रही है। पिछले करीब 12 वर्षों में लगभग सवा चार सौ शहीदों के आश्रितों को सरकारी नौकरी दी गई है। समारोह में स्वतंत्रता संग्राम और देश की रक्षा में बलिदान देने वाले शहीदों के परिवारजनों को सम्मानित किया गया।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

स्वतंत्रता दिवस और हरियाली तीज की शुभकामनाएं

राव नरबीर सिंह ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस बार स्वतंत्रता दिवस के साथ हरियाली तीज का पर्व भी मनाया जा रहा है। उन्होंने माताओं, बहनों और बेटियों को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इसे प्रकृति, संस्कृति और नारी शक्ति से जुड़ी परंपरा बताया।

शहीदों को नमन और सैनिक कल्याण निगम की स्थापना

मंत्री ने महात्मा गांधी सहित ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और संघर्ष से वर्ष 1947 में देश को अंग्रेजी शासन से मुक्ति मिली। इतिहास को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए अंबाला छावनी में शहीदी स्मारक का निर्माण अंतिम चरण में है। सैनिकों, अर्धसैनिक बलों के जवानों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण निगम की स्थापना की जा रही है।

हरियाणा का आर्थिक विकास और मेक इन हरियाणा नीति

उन्होंने कहा कि हरियाणा तेजी से आर्थिक विकास की ओर बढ़ रहा है। वर्ष 2026-27 में प्रदेश का सकल राज्य घरेलू उत्पाद करीब 15.18 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। सरकार उद्योगों के लिए कारोबारी माहौल आसान बनाने, निवेश बढ़ाने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर जोर दे रही है। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए मेक इन हरियाणा नीति तैयार की गई है। इसके तहत वर्ष 2030 तक 55 हजार करोड़ रुपये के निवेश और पांच लाख रोजगार के अवसर पैदा होने का अनुमान है।

देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन और खेल जगत में उपलब्धि

मंत्री ने आधुनिक परिवहन और हरित तकनीक का जिक्र करते हुए कहा कि 17 जुलाई 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जींद रेलवे स्टेशन से जींद-सोनीपत के बीच देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने इसे स्वदेशी तकनीक, स्वच्छ परिवहन और हरित अर्थव्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि खेलों में हरियाणा ने देश-दुनिया में पहचान बनाई है। ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय दल के प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने 10 पदक जीते, जिनमें सात स्वर्ण पदक शामिल हैं। इनमें बेटियों ने पांच स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।

विकसित राष्ट्र और विकसित हरियाणा का संकल्प

समारोह के अंत में मंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 में देश स्वतंत्रता की शताब्दी मनाएगा। तब तक भारत को विकसित राष्ट्र और हरियाणा को विकसित राज्य बनाने की जिम्मेदारी सभी की है। उन्होंने ऐसे हरियाणा के निर्माण का संकल्प दिलाया, जहां किसान समृद्ध हों, युवा रोजगार पाने के साथ रोजगार देने वाले बनें, बेटियां सुरक्षित और आत्मनिर्भर हों, उद्योगों को अवसर मिलें तथा गांव और शहर समान रूप से विकसित हों। साथ ही विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दी जाए।

Share:

Comments

Leave a comment