सोनीपत में 80वें जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस पर उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने फहराया तिरंगा

[email protected]: हरियाणा के आर्थिक विकास में तेजी, युवाओं, किसानों, महिलाओं के सशक्तिकरण और गरीबों के कल्याण पर सरकार का विशेष फोकस है। वीर शहीदों के बलिदान और तिरंगे की शान को नमन करते हुए पुलिस लाइन में 80वां जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया गया। प्रदेश के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण किया।
रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। प्रदेश के उद्योग एवं वाणिज्य, पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव, विदेश सहयोग और सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण मंत्री राव नरबीर सिंह ने पुलिस लाइन में आयोजित 80वें जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि ध्वजारोहण किया। इसके पहले पुलिस लाइन के नजदीक बने शहीदी स्मारक पर जाकर उन्होंने पुष्पचक्र भेंट करते हुए वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि आजादी का यह पर्व हमें उन महान वीरों के त्याग, तपस्या और संघर्ष की याद दिलाता है, जिनके बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं।
परेड का निरीक्षण और हरियाली तीज का उत्सव
ध्वजारोहण के उपरांत राव नरबीर सिंह ने खुली जीप में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। परेड में शामिल जवानों ने अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति की भावना का शानदार प्रदर्शन किया। परेड निरीक्षण के दौरान उपस्थित लोगों ने देशभक्ति के उत्साह के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के साथ हरियाली तीज का पर्व भी मनाया जा रहा है। प्रकृति, संस्कृति और नारी शक्ति से जुड़ा यह पर्व हमारी समृद्ध सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है। मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि देश की आजादी असंख्य ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग एवं बलिदान का परिणाम है। महात्मा गांधी सहित देश के असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और तेजस्वी नेतृत्व ने वर्ष 1947 में भारत को अंग्रेजी शासन से मुक्ति दिलाई। उन्होंने कहा कि देश के संविधान निर्माताओं ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे मूल्यों पर लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी थी। आज 140 करोड़ से अधिक भारतीय विविधता में एकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान के प्रति अटूट आस्था के साथ भारत को विश्व के सबसे बड़े और सशक्त लोकतंत्र के रूप में आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को दोहराने का दिन भी है।
भारतीय सेना और सुरक्षा बलों के जवानों को नमन
मंत्री ने देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे भारतीय सेना, पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवानों को विशेष रूप से नमन किया। उन्होंने कहा कि हमारे वीर सैनिक विपरीत परिस्थितियों में भी तिरंगे की आन, बान और शान की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। उन्होंने उन वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की जिन्होंने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया। जब भी देश की अस्मिता और सुरक्षा को चुनौती मिली, भारतीय सैनिकों ने अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने शहीदों के परिवारों के सम्मान और कल्याण को सदैव सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए जवानों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी दी जा रही है। पिछले लगभग 12 वर्षों में लगभग सवा चार सौ शहीदों के आश्रितों को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकारी सहायता नहीं, बल्कि राष्ट्र की ओर से अपने वीर सपूतों और उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है।
हरियाणा की ऐतिहासिक धरोहर और शहीदी स्मारक
मंत्री ने कहा कि हरियाणा की धरती वीरता, त्याग और देशभक्ति की धरती है। 10 मई 1857 को अंबाला से उठी स्वतंत्रता आंदोलन की चिंगारी ने पूरे देश में आजादी की अलख जगाई थी। इस ऐतिहासिक संघर्ष ने अंग्रेजी शासन की नींव को चुनौती दी और देशवासियों के मन में स्वतंत्रता की लौ को और प्रज्वलित किया। उन्होंने बताया कि इस गौरवपूर्ण इतिहास को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार द्वारा अंबाला छावनी में भव्य शहीदी स्मारक स्थापित किया जा रहा है, जिसका निर्माण अंतिम चरण में है। यह स्मारक हमारे वीरों के त्याग, संघर्ष और देशभक्ति का स्थायी प्रतीक बनेगा। मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि सैनिकों एवं अर्धसैनिक बलों के कर्मियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण निगम की स्थापना की जा रही है। इसके लिए इस वर्ष 178.14 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि अग्निवीरों के लिए सरकारी सेवाओं में 20 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। हरियाणा अग्निवीर नीति-2024 बनाई गई है और ऐसा करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह
मुख्यातिथि के शुभ संदेश के उपरांत परेड कमांडर एसीपी राई मलकीत सिंह की अगुवाई में देशभक्ति के जज्बे के साथ पुलिस के महिला-पुरुष तथा होमगार्ड के जवानों ने विद्यार्थियों के साथ मार्च पास्ट किया गया, जिसकी उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने सलामी ली। परेड के उपरांत मास पीटी शो का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न स्कूलों के हजारों छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। मंत्री ने वीरांगनाओं तथा स्वतंत्रता सेनानियों के उत्तराधिकारियों और शहीदों के परिजनों को विशेष रूप से सम्मानित किया। मंत्री ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों सहित विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया। मार्च पास्ट स्पर्धा में प्लाटून कमांडर अभिषेक के नेतृत्व में गृहरक्षी हरियाणा के जवानों की टुकड़ी ने प्रथम, हरियाणा पुलिस (महिला) की टुकड़ी ने द्वितीय तथा क्रतिका के नेतृत्व में हिन्दूस्तान गाईड नेवी विंग की टुकड़ी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया जिन्हें कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने पुरस्कृत किया। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने वाली सभी टीमों को भी पुरस्कृत किया गया।