सोनीपत के गन्नौर निवासी कांवड़िए की उत्तर प्रदेश के शामली में सड़क हादसे में मौत, साथी घायल

Team Atal Hind11 August 20262 min read15 viewsसोनीपत
सोनीपत के गन्नौर निवासी कांवड़िए की उत्तर प्रदेश के शामली में सड़क हादसे में मौत, साथी घायल

सोनीपत के गन्नौर निवासी 18 वर्षीय कांवड़िए कुणाल मलिक की मंगलवार सुबह उत्तर प्रदेश के शामली क्षेत्र में सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। कुणाल अपने करीब 15 साथियों के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर डाक कांवड़ के जरिए गन्नौर लौट रहा था। बनत गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से कुणाल और उसका साथी अक्षय गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को शामली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने कुणाल को मृत घोषित कर दिया और अक्षय का उपचार चल रहा है।

हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे थे कांवड़िए

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

जानकारी के अनुसार गन्नौर की शास्त्री नगर निवासी कुणाल मलिक करीब 15 अन्य दोस्तों के साथ सात अगस्त को हरिद्वार के लिए रवाना हुआ था। इस टोली में कुल 16 कांवड़िए शामिल थे जो गंगाजल लेकर वापस गन्नौर लौट रहे थे। मंगलवार सुबह करीब सात बजे शामली क्षेत्र के बनत गांव के पास कुणाल और अक्षय किसी वाहन की चपेट में आ गए। हादसे के समय टोली के अन्य सदस्य उनसे आगे निकल चुके थे।

पुलिस कर रही है अज्ञात वाहन की तलाश

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने कुणाल के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने के लिए आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटा रही है और हादसे के कारणों की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार वाहन की पहचान के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

स्कूल परिवार में शोक की लहर

कुणाल की मौत की सूचना मिलते ही गन्नौर स्थित उसके परिवार में मातम छा गया। प्रयास इंटरनेशनल स्कूल, गन्नौर में भी कुणाल के निधन पर गहरा शोक व्याप्त है। कुणाल कक्षा 12 वाणिज्य का छात्र था और विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि वह एक बेहद विनम्र, अनुशासित और होनहार छात्र था। प्रबंधन निदेशक अमित बत्रा, डॉ. सुनीरा जैन, रुचिका बत्रा, प्रधानाचार्य सुरेन्द्र छाबड़ा और उपप्रधानाचार्य दीप माला ने गहरा शोक व्यक्त किया है। विद्यालय परिवार ने परिजनों के प्रति गहरी संवेदना जताते हुए दिवंगत छात्र की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।

Share:

Comments

Leave a comment