सोनीपत के कुंडली में 310 ग्राम हेरोइन के साथ नाइजीरियाई नागरिक गिरफ्तार, कीमत साढ़े छह लाख रुपये

सोनीपत के कुंडली औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 310 ग्राम हेरोइन बरामद कर नाइजीरिया के नागरिक चिडी को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की कीमत करीब छह लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ थाना कुंडली में शनिवार को मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।
पुलिस गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना
पुलिस के अनुसार एएसआई जसबीर पुलिस टीम के साथ पानीपत-दिल्ली जीटी रोड पर गश्त कर रहे थे। शनिवार शाम पुलिस टीम टीडीआई मॉल के सामने पहुंची तो मुखबिर से सूचना मिली कि निफ्टम चौक औद्योगिक क्षेत्र में एक युवक हेरोइन लेकर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम पहुंची और नाइजीरियाई नागरिक चिडी को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी को तलाशी के कानूनी अधिकार की जानकारी दी।
राजपत्रित अधिकारी के सामने हुई तलाशी
आरोपी ने लिखित सहमति देकर उच्च अधिकारी के सामने तलाशी कराने की बात कही। इसके बाद आबकारी एवं कराधान विभाग के एईटीओ विभु सिंधु को मौके पर बुलाया गया। तलाशी के दौरान आरोपी की जेब से सफेद रंग की पारदर्शी पॉलीथिन मिली, जिसमें हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन किया तो पॉलीथिन सहित कुल वजन 310 ग्राम निकला। आरोपी से नशीले पदार्थ से संबंधित लाइसेंस या परमिट मांगा गया, लेकिन वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। बरामद पदार्थ को पैकेट में सील कर कब्जे में लिया गया।
नाइजीरियाई दूतावास से होगा पते का सत्यापन
पुलिस के मुताबिक आरोपी इन दिनों दिल्ली के चंदर विहार में रह रहा था। उसकी वास्तविक पहचान और पते का सत्यापन नाइजीरियाई दूतावास से कराया जाएगा। मामले की जांच एएसआई प्रदीप कुमार, अपराध इकाई गन्नौर को सौंपी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हेरोइन आरोपी को कहां से मिली और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। उसके संपर्कों और नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।